अमर उजाला ब्यूरो
जींद।
पिछले सप्ताह नरवाना उपमंडल के हमीरगढ़ गांव के पशु तालाब में करंट आने से हुए हादसे से टूट चुके हमीरगढ़ गांव निवासी किसान जयभगवान को अब कुछ उम्मीद बंधने लगी है। प्रदेश के जाने माने कवि जगबीर राठी के बाद अब उत्तर प्रदेश के हास्य कलाकार प्रताप फौजदार ने मदद के हाथ बढ़ाए हैं। प्रताप फौजदार ने भी 50 हजार रुपये से किसान की मदद की है। किसान जयभगवान के अनुसार, लोगों की मदद से उसे संकट की घड़ी से उबरने में मदद मिल रही है।
हादसे में जयभगवान के सात में से छह पशुओं की मौत हो गई, जिसमें चार दुधारू भैंस शामिल हैं। जयभगवान के इस दर्द को कवि जगबीर राठी ने समझा और उनकी 50 हजार रुपये आर्थिक सहायता कर चेहरे पर हंसी लाने का प्रयास किया। इसके बाद हास्य कवि प्रताप फौजदार ने जयभगवान के 50 हजार रुपये की राशि से मदद की है। कवि प्रताप फौजदार का कहना है कि वह आदमी ही क्या जो दूसरे आदमी की दुख की घड़ी में काम न आए। उन्होंने सोशल मीडिया पर जगबीर राठी द्वारा जयभगवान के दुख को बयां करती पोस्ट पढ़ी तो तुरंत प्रभाव से फैसला लिया कि उन्हें भी जयभगवान की मदद करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि संकट की घड़ी में मनुष्य-मनुष्य के साथ खड़ा हो तो फिर सरकार की तरफ देखने की जरूरत नहीं पड़ती। उन्होंने सामाजिक संगठनों से आह्वान किया कि वे जयभगवान जैसे लोगों की मदद के लिए आगे आएं।
बिजली अधिकारियों के खिलाफ हो कार्रवाई
किसान जयभगवान के अनुसार, यह घटना बिजली निगम के अधिकारियों की लापरवाही के कारण हुई है। उसने बताया कि इस बिजली लाइन का प्रस्ताव खेतों के रास्ते है, जबकि गलत तरीके से लाइन तालाब के ऊपर से डाली गई है। ऐसे में बिजली निगम के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
खेती और पशुपालन के सहारे चल रहा परिवार
जयभगवान के अनुसार, वह तीन एकड़ में खेती करता है। परिवार में तीन बहनें हैं, जो शादीशुदा हैं। माता-पिता, पत्नी, दो बेटियां और एक भाई है। परिवार को भरण पोषण खेती के साथ-साथ पशुपालन से ही होता है। एक साथ सभी पशुओं की हादसे में मौत हो जाने के कारण वह पूरी तरह टूट गया था। अब जगबीर राठी और प्रताप फौजदार जैसे लोगों की मदद से इस दुख से उबरने की हिम्मत मिल रही है।
हमीरगढ़ के किसान के सहयोग को उठने लगे हाथ
अब हास्य कलाकार प्रताप फौजदार ने दी 50 हजार रुपये की मदद