लाइसेंस रद्द होने के दो साल बाद भी चलता रहा ईंट भट्ठा
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। खेड़ी मसानियां में दो साल पहले औपचारिकता पूरी नहीं करने पर प्रशासन द्वारा बंद किया गया ईंट भट्ठा लगातार चलता रहा। दो साल बाद अब प्रशासन ने ईंट भट्ठे पर कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज करवाने की सिफारिश की है। इससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
दरअसल खेड़ी मसानियां गांव में उचाना ब्रिक्स कंपनी के नाम से भट्ठा चल रहा था। दो साल पहले नए नियमों को पूरा नहीं करने पर प्रशासन ने लाइसेंस रद्द कर दिया था। नियमानुसार इस ईंट भट्ठे पर काम नहीं हो सकता, लेकिन यहां काम चलता रहा। अब ईंट भट्ठे की शिकायत जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को मिली तो यह मामला डीसी के संज्ञान में लाया गया। इसके बाद कार्रवाई करे हुए डीसी डॉ. आदित्य दहिया ने ईंट भट्ठे को बंद करने के आदेश दिए। इस पर कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को प्रशासनिक टीम ने ईंट भट्ठे को बंद करवा दिया।
सूचना मिलते ही की गई कार्रवाई
इस मामले में प्रशासन ने तत्परता से कार्रवाई की है। सूचना मिलते ही यह मामला अधिकारियों के संज्ञान में लाया गया और इसे बंद कर दिया गया। हो सकता है पिछले साल यह भट्ठा नहीं चला हो। इसकी जांच की जा रही है। भट्ठा संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी।
अनिल कुमार, डीएफएसी।