मंत्री बीरेंद्र सिंह को ग्रामीणों ने बताई पानी की समस्या
अमर उजाला ब्यूरो
जुलाना। केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सलिंह ने सोमवार को क्षेत्र के कई गांवों में जनसभाएं की। इस दौरान गांव पोली में एक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय इस्पात मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह के सामने ग्रामीणों ने कहा कि मंत्री जी खेतों का पानी सूखना नहीं है और गांव में पीने का पानी तक नहीं है। इस पर बीरेंद्र सिंह ने कहा कि इस परियोजना पर काम चल रहा है और जल्द ही इसका लाभ लोगों को मिलेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि मैं देश का सबसे बड़ा लोहार हूं, थारी चौपाल लोहे की बनवा सकता हूं।
मंत्री ने कहा बीरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लोहे के मकान बनवाओगे तो 15 साल बाद उन मकानों को आधे रेट पर खरीद लूंगा। उन्होंने कहा कि मैंने 47 साल की राजनीति में कभी किसी के साथ कोई बेईमानी नहीं की। यही कारण है कि मुझे नींद अच्छी आती है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पैदावार तो बढ़ गई, लेकिन किसान की हालत में कोई बदलाव नहीं आया। किसान की फसल में तो मात्र 19 फीसदी की बढ़त हुई, लेकिन अफसरों की सैलरी में 60 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। किसान की हालत जो 50 साल पहले थी, वही आज भी है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों की सुध लेते छह हजार रुपये सम्मान राशि देकर किसान हितैषी होने का प्रमाण दिया है। भविष्य में इस सम्मान को और भी बढ़ाया जा सकता है। इस अवसर पर संजीव बुआना, मंडालाध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा, सरपंच सुंदर सिंह, दलबीर, सुरेश, राजबीर भी मौजूद रहे।