बारिश से ललित खेड़ा गांव के पास धंसी सोनीपत रेलवे लाइन, रोकीं ट्रेनें
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। रविवार रात व सोमवार दिन भर हुई तेज बारिश से ललित खेड़ा गांव के पास रेलवे स्टेशन के पास रेलवे लाइन की मिट्टी धंस गई। इसके चलते शाम छह बजे जींद पहुंचने वाली यात्री गाड़ी को गोहाना में ही रोक दिया गया। हालांकि रेलवे ने लाइन की अस्थायी मरम्मत करवाई और इसकी जांच की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता होने पर ही गाड़ी को चलाया जाएगा।
रेलवे स्टेशन अधीक्षक प्रेम किशोर के अनुसार सोनीपत से चलकर शाम करीब छह बजे जींद पहुंचने वाली यात्री गाड़ी के आने से पहले सूचना मिली कि ललित खेड़ा गांव के पास रेलवे लाइन की मिट्टी धंस गई है। इसके चलते अधिकारियों ने गाड़ी को गोहाना में ही रोक दिया। यहां रेलवे लाइन के छह-सात स्लीपर के नीचे से मिट्टी पूरी तरह निकल गई थी। रेलवे लाइन खोखली हो गई थी। इससे हादसे का अंदेशा बढ़ गया था। इसके बाद रेलवे के अधिकारी हरकत में आए और ललित खेड़ा के पास से रेलवे लाइन की मरम्मत की। इसके बाद करीब सात बजे तक रेलवे लाइन ठीक हो सकी। इसके बाद शाम चार बजे जींद पहुंचने वाली 74039 गाड़ी को सवा सात बजे यहां से निकाला गया। वहीं गोहाना में रोकी गई ट्रेन 74039 को अभी तक नहीं चलाया गया है। रेलवे अधिकारी निरीक्षण करने के बाद ही आगे का फैसला लेंगे।