अमर उजाला ब्यूरो
नरवाना। ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन नरवाना के तत्वावधान में भारत लॉन टेनिस एकेडमी में चल रहे नेशनल रैंकिंग लॉन टेनिस टूर्नामेंट में दूसरे दिन रोचक मुकाबले हुए। दूसरा दिन खिलाड़ी लगन बिढान के नाम रहा। लड़की वर्ग में लगन बिढान ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए जहां एक ओर भूमिका को 6-1, 6-0 से हराकर अंडर-16 का खिताब अपने नाम किया। वहीं दूसरी ओर लगन ने सृष्टि जांगड़ा को 7-5 व 6-4 से हराकर अंडर-18 के फाइनल में अपना स्थान पक्का किया। फाइनल में लगन का मुकाबला अनु मोर से होगा। अनु ने नूरप्रीत कौर को 6-0 व 6-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया है। लगन व अनु मोर दोनों उच्च स्तरीय खिलाड़ियों के बीच यह मुकाबला बड़ा संघर्षपूर्ण रहेगा, क्योंकि जहां लगन बिढान अंडर-16 वर्ग में ऑल इंडिया रैंकिंग में 59 स्थान पर काबिज है। वहीं अनु मोर नेशनल रैंकिंग के 4 टूर्नामेंट जीत चुकी है। एकेडमी सचिव दीपक कौशिक व सुनीता देवी ने बताया कि नेशनल रैंकिंग के मैच को लेकर नरवाना के टेनिस टूर्नामेंट प्रेमियों में भारी उत्साह है। कई प्रदेशों से आए उच्च स्तरीय टेनिस खिलाड़ियों के आने से नरवाना के खिलाड़ियों में एक नया जोश देखने को मिला। विश्व भर में धूम मचाने वाले टेनिस के खेल का जादू नरवाना के बच्चों पर भी साफ देखने को मिल रहा है। खिलाड़ी जतिन नैन, निलेश, हितेन दीवान, करन शांडिल्य ने इसका श्रेय नरवाना में टेनिस सिखा रही भारत लॉन टेनिस एकेडमी को दिया।
दूसरे दिन के परिणाम
अंडर-16 क्वार्टर फाइनल में करण शांडिल्य ने पारस महिपाल को 6-0 व 6-0 से हराकर सेमिफाइनल में प्रवेश किया। अब सेमिफाइनल में करण शांडिल्य और संजीव राठी के बीच मुकाबला होगा। दूसरे सेमिफाईनल में नव्य वर्मा और सिद्धार्थ बसेति के बीच मुकाबला होगा। अंडर-18 सेमिफाइनल में सरबजीत व हरमनजीत मिन्हास के बीच मुकाबला होगा। दूसरे सेमिफाइनल में सिद्धार्थ व युवराज के बीच मुकाबला होगा।