पुलिस ने किया दो और आरोपियों को काबू, अब तक सात लाख रुपये बरामद
आंध्रा बैंक को लूटने की थी अगली योजना
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। 26 दिसंबर को नरवाना रोड पर हुई पोल्ट्री व्यवसायी के मुंशी चंद्रपाल की हत्या और 22 लाख रुपये लूट के आरोप में पुलिस ने दो और आरोपियों को काबू किया है। इनमें से एक बिशनपुरा निवासी सुरेंद्र है जिसके घर मनजीत हत्या व लूट के बाद गया था। सुरेंद्र के घर से पुलिस ने एक अवैध पिस्तौल व कारतूस बरामद किए हैं। दूसरी नरवाना रोड निवासी मुकेश है, जो पिछले डेढ़ महीने से हत्यारों के लिए मुखबिरी कर रहा था। मुकेश पुलिस ने रिमांड के दौरान प्रदीप से पांच लाख रुपये प्रदीप के नरवाना रोड स्थित घर से बरामद किए हैं। अब तक पुलिस इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है और सात लाख रुपये बरामद कर चुकी है। इस मामले में अभी तक मुख्य आरोपी मनजीत व गाड़ी चलाने वाला कृष्ण फरार चल रहे हैं।
नरवाना रोड पर 26 दिसंबर को पोल्ट्री व्यवसायी के मुंशी चंद्रपाल की हत्या करके 22 लाख रुपये लूट लिए थे। इस मामले में पुलिस ने शिवपुरी कालोनी निवासी प्रदीप, एक अन्य आरोपी मनजीत की प्रेमिका असंध निवासी पूजा को काबू किया था। प्रदीप पांच दिन के पुलिस रिमांड पर चल रहा है तथा पूजा को रिमांड के बाद जेल भेजा जा चुका है। पूजा से लिस ने दो लाख रुपये की राशि बरामद की है। प्रदीप से रिमांड के दौरान पांच लाख रुपए बरामद किए हैं। प्रदीप ने पुलिस को रिमांड के दौरान बिशनपुरा निवासी सुरेंद्र व नरवाना रोड निवासी मुकेश का नाम बताया। प्रदीप ने बताया कि मनजीत अपनी प्रेमिक के साथ बिशनपुरा गांव में सुरेंद्र के घर गया था। पुलिस ने सुरेंद्र को काबू कर जेल भेज दिया।
डेढ़ महीने से दुकानदार कर रहा था लुटेरों के लिए मुखबिरी
पोल्ट्री व्यवसायी की दुकान के सामने ही इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान चलाने वाला मुकेश मनजीत व प्रदीप के लिए मुखबिरी कर रहा था। वह डेढ़ महीने से इस बात की सूचना हत्यारों को दे रहा था कि कब-कब यहां पर रुपये आते हैं और किस समय कौन उनको लेकर जाता है। वारदात के दिन प्रदीप, मनजीत व कृष्ण गाड़ी में बैठकर मुंशी चंद्रपाल की इंतजार कर रहे थे। जैसे ही चंद्रपाल रुपये लेकर दुकान के बाहर पहुंचा मुकेश ने गाड़ी में बैठे लोगों को इशारा कर दिया। इसके बाद आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
पकड़े नहीं जाते तो अगला निशाना था आंध्रा बैंक
डीएसपी कप्तान सिंह ने बताया कि यदि आरोपी इस वारदात के बाद पकड़े नहीं जाते तो उनका अगला नढिशाना आंध्रा बैंक को लूटने का था। प्रदीप ने रिमांड के दौरान बताया कि यदि वे इस वारदात के बाद पकड़े नहीं जाते तो जल्द ही वे हुडा ग्राउंड स्थित आंध्रा बैंक को लूट लेते। आंध्रा बैंक में अधिकतर पोल्ट्री व्यवसाय से जुड़े लोगों का खाता है। पोल्ट्री व्यवसायी अपना पैसा इसी बैंक में जमा करवाते हैं।
उत्तरप्रदेश के कैराना से लाए थे हथियार
डीएसपी कप्तान सिंह ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी उत्तरप्रदेश के कैराना से अवैध असलाह लेकर आए थे। पुलिस जल्द ही उत्तरप्रदेश जाकर इसकी जांच करेगी तथा आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
जल्द होंगे अन्य आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में अभी तक मुख्य आरोपी प्रदीप, मनजीत की प्रेमिका पूजा, मुकेश व सुरेंद्र को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपियों सेे अब तक सात लाख रुपये की राशि बरामद हो चुकी है। इस मामले में मुख्य आरोपी मनजीत, गाड़ी चलाने वाला कृष्ण अभी फरार हैं। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने गाड़ी की नंबर प्लेट भी बरामद की है।
कप्तान सिंह, डीएसपी।
03जेएनडी14 : पुलिस की गिरफ्त में सुरेंद्र व मुकेश।