फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

माय सिटी प्रथम पेज के लिए प्रस्तावित लीड

विज्ञापन
विज्ञापन
जींद। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम की पेशी को लेकर जिले में वीरवार को धारा 144 लागू करके सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पंजाब की तरफ से सीमा सील कर दी गई। डेरा समर्थकों की आड़ में शरारती तत्व उपद्रव कर सकते हैं, इसलिए उन पर विशेष ध्यान में रखते हुए ड्रोन कैमरे से हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। इसके अलावा शुक्रवार को जिले में रोडवेज की सभी बसों को दोपहर तीन बजे तक बंद रखने के आदेश दे दिए है। इसके बाद रोडवेज की बसें आगामी आदेश मिलने के बाद ही बस चलाने का फैसला लेंगी। फिलहाल जिले के सरकारी स्कूलों की छुट्टी नहीं की गई है, बल्कि प्रशासन ने कालेज, निजी स्कूलों व विश्वविद्यालय की छुट्टी करने के आदेश जारी कर दिए है। इंटरनेट सेवाओं को वीरवार देर शाम को बंद कर दिया, जोकि 72 घंटे के लिए बंद कर दी गई है। नरवाना व उचाना में डेरा समर्थकों की संख्या ज्यादा होने के कारण प्रशासन वहां की सुरक्षा व्यवस्था पर पैनी नजर बनाए हुए है। प्रशासन ने अकेले नरवाना क्षेत्र में नौ नाके स्थापित किए गए है, जिन पर पुलिस के अलावा अर्ध सैनिक बल के जवान तैनात रहेंगे।
विज्ञापन

आगामी आदेश आने के तक बंद रहेगी बसें
परिवहन विभाग के मुख्यालय के निर्देशानुसार रोडवेज बसें दोपहर बाद तीन बजे तक बंद रहेंगी। इसके बाद हालात को देखते हुए अगला फैसला लिया जाएगा। रोडवेज महाप्रबंधक महताब सिंह खर्ब ने बताया कि जींद, सफीदों और नरवाना डिपो से शुक्रवार सुबह कोई बस नहीं चलेगी। वीरवार रात आठ बजे के बाद ही सब बसों को बंद कर दिया और उनको सुरक्षित तौर पर बस स्टैंड के अंदर खड़ा कर दिया। जहां पर पुलिस को तैनात किया गया है। वीरवार को चंडीगढ़ व पंचकुला की तरफ जाने वाली बसों को बंद रखा गया।
फिरोजपुर की तरफ जाने वाली ट्रेनें भी रद्द
डेरा प्रमुख की पेशी को लेकर रेलवे ने सुरक्षा की दृष्टि से चंडीगढ़ व फिरोजपुर की तरफ जाने वाली ट्रेनों को आगामी आदेशों तक बंद कर दिया है। इसके चलते अब यात्री चंडीगढ़ ट्रेन के माध्यम से नहीं जा पाएंगे।
विज्ञापन

सरकारी स्कूल रहेंगे खुले, निजी स्कूल रहेंगे बंद
शिक्षा विभाग ने जिले के सभी कॉलेज, चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय व जिले के सभी निजी स्कूल शुक्रवार को छुट्टी कर दी है। जबकि सरकारी स्कूलों की छुट्टी को फिलहाल रद्द कर दिया है। डीसी अमित खत्री ने कहा कि सरकारी स्कूलों की छुट्टी नहीं की गई और सरकारी स्कूल आम दिनों की तरह लगेंगे। शिक्षा विभाग ने स्कूलों में 25 अगस्त को होने वाले मासिक टेस्ट भी स्थगित कर दिए हैं।

पंजाब की सीमा सील, नरवाना शहर में नौ नाके
नरवाना एसडीएम डॉ. किरण सिंह ने उचाना व नरवाना के सभी ड्यूटी मजिस्ट्रेट को आगामी आदेशों तक ड्यूटी पर तैनात रहने के लिए कहा है। शहर की पूर्णयता नाकाबंदी करते हुए नौ नाके लगा दिए है और पंजाब की तरफ से सीमा सील कर दी गई। डेरा समर्थकों की आड़ में शरारती तत्व उपद्रव कर सकते हैंए इसलिए उन पर विशेष ध्यान रखा जाए।

सफीदों शहर और गांवों में निकाला फ्लैग मार्च
सफीदों एसडीएम वीरेंद्र सांगवान और डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस बल के साथ एसडीएम कार्यालय से शुरू हुआ फ्लैग मार्च महात्मा गांधी मार्ग, पुराना बस स्टैंड के सामने से निकलकर खानसर चौक होते हुए गांव खेड़ा खेमावती, पाजू कलां खुर्द, मुआना, सिंघाना, छापर, जयपुर, बुढ़ा खेड़ा, शीला खेड़ी, कारखाना, हाट, बागडू, सिवाना माल सहित करीब दो दर्जन से अधिक गांवों से होते हुए वापस सफीदों शहर पहुंचा।

उचाना में रात को देंगे ठीकरी पहरा
उचना में प्रशासन के साथ अब शहर के लोग भी शहर की सुरक्षा के लिए साथ खड़े होंगे। लितानी रोड पर हनुमान मंदिर में शहर में बनाई गई शांति कमेटी के सदस्यों की बैठक ड्यूटी मजिस्ट्रेट एसडीओ जन स्वास्थ्य विभाग नरवाना सतीश कुमार, थाना प्रभारी मंदीप कुमार, खुफिया विभाग एफओ उचाना विनोद मुदगिल ने ली। बैठक में उचाना शहर को पांच जोनों में बांटा गया। यहां पर पांच टीमें बनाई गई जिनमें पच्चीस से तीस लोगों को शामिल किया गया। पुलिस प्रशासन के साथ ये टीम अलग-अलग बाजरों में नजर रखेंगी ताकि शांति व्यवस्था कायम रहे। पुलिस प्रशासन के साथ शहर के लोग भी शहर की सुरक्षा करेंगे। लोगों की टीमें रात को बाजारों में ठीकरी पहरा देगी। रात को बाजारों के साथ-साथ सरकारी, गैर सरकारी संस्थानों पर भी ये टीम ठीकरी पहरे के दौरान नजर रखेंगी ताकि कोई असामाजिक तत्व माहौल को खराब करने के लिए किसी तरह की घटना को अंजाम न दे दे।

11 ओर ड्यूटी मजिस्ट्रेट बनाए
डीसी अमित खत्री ने 11 ओर अधिकारियों को डयूटी मैजिस्ट्रेट नियुक्त कर दिया है। इनमें से छह ड्यूटी मजिस्ट्रेटों को रिजर्व में रखा गया है। जिलाधीश द्वारा अब तक 38 अधिकारियों को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया जा चुका है। नियुक्त किए गए ड्यूटी मजिस्ट्रेटों ने अपने-अपने क्षेत्र में ड्यूटी भी शुरू कर दी है। वीरवार को अलेवा थाना क्षेत्र के लिए जिला सांख्यिकीय अधिकारी विजय कुमार, रेलवे थाना जींद क्षेत्र के लिए वीटा मिल्क प्लांट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बलजीत नैन, रेलवे पुलिस चौंकी नरवाना क्षेत्र के लिए मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य पालन विभाग युद्धवीर सिंह, नरवाना के लिए उप कृषि निदेशक सुरेंद्र सिंह, जींद के लिए मार्किंटिंग बोर्ड जींद के कार्यकारी अभियंता नवीन दहिया को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। उन्होंने नगर परिषद जींद के कार्यकारी अधिकारी सुरेश चौहान, उप आबकारी एवं कराधान आयुक्त सुरेन्द्र कुमार, उप निदेशक पशुपालन विभाग डॉ. रणबीर सिंह, जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता राजेंद्र सिंह जागड़ा, सिंचाई विभाग से कार्यकारी अभियंता अजय खर्ब, सिंचाई विभाग से कार्यकारी अभियंता रमेश कुमार को भी ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है, लेकिन इन छह ड्यूटी मजिस्ट्रेटों को रिजर्व में रखा गया है।

ड्रोन से रखी जा रही है हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर डीसी अमित खत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला में शांति व्यवस्था बरकरार रखने के उद्देश्य के दृष्टिगत हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन की व्यवस्था की जा रही है। दो ड्रोन ने काम करना शुरू कर दिया है। जरुरत के हिसाब से अतिरिक्त ड्रोन की व्यवस्था भी कर दी जाएगी। ये ड्रोन आधुनिक तकनीकी युक्त कैमरों से लैंस है। यह ड्रोन काफी ऊंचाई से जमीन पर होने वाली गतिविधियों साफ तस्वीर ले सकते है ।

ड्यूटी मजिस्ट्रेटों की गाड़ियों में होंगे वीडियो कैमरे डीसी अमित खत्री ने कहा कि कानून व्यवस्था को बरकरार रखने के लिए डयूटी मैजिस्ट्रेट अपने साथ एक-एक वीडियो कैमरा वीडियोग्राफर समेत साथ रखें ताकि संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत वीडियोग्राफी की जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि कंट्रोल रूम 24 घंटे खुला रहेगा। कंट्रोल रूम में कोई भी व्यक्ति किसी भी समय संदिग्ध व्यक्ति एवं गतिविधि की सूचना दे सकता है।

गैर सरकारी संगठन एवं प्रबुद्ध लोग आ रहे आगे
जिले का अमन चैन बरकरार रहे इसको लेकर गैर सरकारी संगठन जिलाभर के प्रबुद्ध लोग आगे आ रहे है। गैर सरकारी संगठनों द्वारा अपने- अपने क्षेत्रों में शांति यात्राएं निकाली जा रही है। वीरवार को केला एसोसिएशन द्वारा सब्जी मंडी में शांति यात्रा निकाली गई। इस शांति यात्रा में सब्जी मंडी एसोसिएशन के अनेक प्रबुद्ध लोगों ने भाग लेकर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। इसी प्रकार से शहर के कई और हिस्सों में शांति यात्राएं निकाली गई। सब्जी मंडी में निकाली गई शांति यात्रा में डेरा सच्चा सौदा के अनुयायी ओम प्रकाश, गांव की किरण, कविता समेत कई डेरा प्रेमी भी शामिल हुए। स्वामी विवेकानंद कोचिंग सेंटर की छात्रा पूजा डेरा डेरा प्रेमी का कहना है कि बाबा जी का यह कहना है कि संगत के लिए संदेश भी है शांति बनाए रखें और भजन सिमरन में ज्यादा वक्त देना है।

डीसी अमित खत्री ने पुलिस लाइन में पुलिस कर्मियों व अर्ध सैनिक बलों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में अपना विवेक न खोए। विवेकहीन होने पर हमारा मनोबल भी कमजोर हो जाता है, जिसके कारण हम मजबूती से अपना काम नहीं कर पाते। संयम व धैर्य के साथ अलर्ट रहे व किसी भी हिंसात्मक स्थिति के दौरान विवेकपूर्ण कार्य करें। एसएसपी डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि वह किसी भी परिस्थिति में पीछे न रहे व संविधान व न्यायपालिका का सम्मान करते हुए कर्मठ, निष्ठावान बनकर अपनी डयूटी करें। सामने वाला कोई हमारे से दूर नहीं हैं हमारे बीच के ही है। उन्हें माता, बहन व भाई आदि कह कर मान सम्मान के साथ संबोधित करे। कोई भी धर्म हिंसा नहीं सिखाता। अफवाहों पर ध्यान न दें और दूसरों ो भी अफवाहों से बचाए। उन्होंने कहा कि नरवाना में एसएसबी, होम गार्ड के जवान व भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। अगर यातायात जाम होने की स्थिति पैदा होती है तो मुख्य मार्ग की बजाय वैकल्पिक रास्तों से वाहनों को निकाला जायेगा। ताकि वाहन चालकों के साथ-साथ आमजन मानस को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें