संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। सदर थाना नरवाना क्षेत्र के गांव ढाकल के एक युवक से शादी करवाने के नाम पर 1.60 लाख रुपये हड़प लिए। आरोपियों ने एक महिला से कोर्ट में माला डलवाकर शादी तो करवा दी। बाद में पता चला कि महिला पहले से ही शादीशुदा है। पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं सहित 7 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
ढाकल निवासी मंजीत ने पुलिस एफआईआर में बताया कि उसकी भौंगरा गांव निवासी मंजीत से उसकी तीन साल से दोस्ती है। उसके दोस्त की नरसी के साथ जान पहचान है। नरसी रिश्ते करवाने का काम करता है। वह पांच अगस्त को ढाकल आया और उसकी शादी करवाने के लिए दो फोटो दिखाए। उन्होंने बताया कि दोनों कुंवारी लड़की हैं जो गरीब घर से हैं।
उसने एक लड़की पूजा को पसंद किया तो नरसी ने शादी करवाने के नाम पर एक लाख पचास हजार रुपये ले लिए। छह अगस्त को नरसी ने शादी करवाने के नाम पर दस हजार रुपये नंबर पर फोन पे से डलवा लिए। इसके बाद सात अगस्त को यमुनानगर आने को कहा। वह उसके परिवार को यमुनानगर बुलाकर रेखा नामक एक लड़की से मिलवाया। उसने कहा कि यह पूजा की बहन है।
इसके मां-बाप की मौत हो चुकी है जो कुछ है वह रेखा और विशाल है, जिसे पूजा का भाई बताया। दो अन्य व्यक्ति, जो मुकेश, सुरेंद्र ने उसे तथा उसके परिवार के व्यक्तियों को नरसी, रेखा और उसके दो साथियों ने जगाधरी कोर्ट में ले जाकर विवाह करने बारे शपथ पत्र तैयार करवा पूजा को कोर्ट में ही माला डलवाकर शादी करवाकर उसके साथ विदा कर दिया।