जींद। नेशनल हाईवे के लिए अधिग्रहित जमीन के मार्केट रेट की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे किसानों ने रेल रोको आंदोलन को फिलहाल स्थगित कर दिया है। किसानों का कहना है कि तीन दिन पहले ट्रेन की चपेट में आए पुलिसकर्मी की मौत के बाद यह फैसला लिया गया है। किसान नेता रमेश दलाल ने कहा कि कम अवार्ड के विरोध में आंदोलन जारी है, लेकिन रेल रोको आंदोलन को अगली रणनीति बनाने तक स्थगित कर दिया गया है।
गौरतलब है कि किसानों के रेल रोको आंदोलन के चलते भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। दलाल के अनुसार ऐसे में दूसरी जगह पुलिस बल की कमी का फायदा अपराधी उठा सकते हैं। इससे राज्य में कानून व्यवस्था को नुकसान हो सकता है। साथ ही ड्यूटी पर तैनात ईएएसआई कुलदीप का निधन भी ट्रेन की चपेट में आने से हो गया था। इसके चलते ही आंदोलन को स्थगित करने का फैसला लिया गया है।
किसानों को दस्तावेज मुहैया करवाए प्रशासन
दलाल ने कहा कि प्रशासन से वह दस्तावेज मांगे गए हैं जिनके आधार पर नए संशोधित मार्केट रेट तय किए गए हैं। इसका अध्ययन करने के बाद ही साफ होगा कि कहां गलती हुई है।