जींद को जल्द मिलेगी नए बस अड्डे की सौगात, 70 फीसदी काम पूरा
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। पांडु-पिंडारा गांव के पास 12 एकड़ में बन रहे नए बस स्टैंड का काम जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा इसे बनाने पर 32 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
डीसी डॉ. आदित्य दहिया ने बताया कि बस स्टैंड का 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। निर्माण कार्य से जुड़े विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे बस अड्डे का निर्माण कार्य तेजी से पूरा करवाएं, ताकि जल्द इसका उद्घाटन किया जा सके। हालांकि बस स्टैंड का निर्माण मई 2020 तक होना है, लेकिन अब इसे 31 दिसंबर 2019 तक पूरा कर लिया जाएगा।
उपायुक्त ने मंगलवार को निर्माणाधीन बस अड्डे का दौरा किया और इसकी प्रगति रिपोर्ट जानी। उन्होंने कहा कि यह बस अड्डा अत्याधुनिक सुविधाओं वाला होगा। बस स्टैंड में 18 बूथ बनाए जा रहे हैं, जिनमें से पांच लोकल बसों के लिए होंगे। बस अड्डे में 16 दुकानें भी बनाई गई हैं। इस दौरान अधिकारियों ने वर्कशॉप में बनने वाले पेट्रोल पंप को सुरक्षा के लिहाज से दूसरी जगह शिफ्ट करने का सुझाव दिया। इस पर डीसी ने अधिकारियों से अनुमति लेकर इसे शिफ्ट करने की बात की।