अमर उजाला ब्यूरो
जींद। कई दिन से पड़ रही भयंकर गर्मी से शुक्रवार दोपहर बाद हुई बारिश से लोगों को राहत मिली। हालांकि जिले में औसत बारिश 14.28 एमएम दर्ज की गई, लेकिन जुलाना व सफीदों में अच्छी बारिश हुई है। जुलाना, सफीदों और नरवाना में हुई बारिश के चलते निचले क्षेत्रों में पानी भर गया। वहीं बारिश के बाद किसानों व बिजली निगम ने भी राहत की सांस ली है। निगम अधिकारियों के अनुसार गर्मी कम होने से बिजली की खपत कम होगी और ओवरलोड की समस्या से राहत मिलेगी। वहीं मौसम विभाग ने आने वाले तीन दिन में हल्की बूंदाबांदी व बारिश की संभावना जताई है।
गौरतलब है पिछले करीब एक सप्ताह से भयंकर गर्मी पड़ रही थी। इसके चलते बिजली की खपत में भी प्रतिदिन करीब 15 लाख यूनिट का इजाफा हुआ है जिसके चलते फीडर ओवरलोड हो गए थे और बिजली कट बढ़ गए थे। निगम को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। वहीं दूसरी ओर बारिश नहीं होने के कारण जिले में धान की रोपाई भी प्रभावित हो रही थी। जिले में एक लाख 30 हजार हेक्टेयर में धान की रोपाई होनी है, लेकिन बारिश नहीं होने से महज 68 हजार हेक्टेयर में ही रोपाई हो सकी थी।
जुलाना में सबसे अधिक बारिश, उचाना रहा सूखा
हालांकि जिले में बारिश वीरवार रात से ही शुरू हो गई थी। इस दौरान जुलाना क्षेत्र में हल्की बारिश हुई और शुक्रवार सुबह फिर से गर्मी का मौसम रहा। इसके बाद शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे मौसम के मिजाज बदले और बारिश शुरू हो गई। इस दौरान जुलाना में 45 एमएम, सफीदों में 21 एमएम, नरवाना में 16 एमएम, जींद में सात एमएम, पिल्लूखेड़ा में पांच एमएम व अलेवा में छह एमएम बारिश दर्ज की गई, जबकि उचाना में बारिश नहीं हुई।
सफीदों की पुरानी अनाज मंडी में व्यापारियों ने किया वृष्टि यज्ञ
व्यापारियों ने शुक्रवार को नगर की पुरानी अनाज मंडी में वृष्टि यज्ञ व भंडारे का आयोजन किया। वृष्टि यज्ञ में लोगों ने आहुति डालकर समाज व क्षेत्र में सुख-शांति व बारिश होने की कामना की। जैसे-जैसे यज्ञ पूर्णता की ओर बढ़ता गया, वैसे-वैसे आसमान में बादल गहराने लगे। उसके बाद आयोजित किए गए भंडारे में लोग श्रद्धा से प्रसाद ग्रहण कर ही रहे थे कि इसी बीच हल्की-हल्की बारिश शुरू हो गई। इस मौके पर समाजसेवी शिवचरण कंसल मौजूद रहे।
पिल्लूखेड़ा मंडी में बारिश के बीच हैफेड के गेहूं से हटाया तिरपाल, गेहूं भीगी
शुक्रवार को हुई बारिश में खुले आसमान के नीचे रखे गए हैफेड के गेहूं के काफी बैग भीग गए। इससे क्षेत्र के लोगों में रोष है। पिल्लूखेड़ा मंडी निवासी कुछ लोगों ने कहा कि बारिश के समय कर्मचारियों ने जानबूझकर तिरपाल हटाए हैं। हालांकि अमर उजाला के पास बारिश के बीच तिरपाल हटाने की वीडियो मौजूद है। हैफेड के निरीक्षक सुनील राठी ने बताया कि अधिकतर तिरपाल फटे हुए हैं। गेहूं में हवा लगानी जरूरी होती है। यहां हवा लगाने के लिए तिरपाल हटाए गए थे और तभी बारिश आ गई।
अधिकारी कर रहे हैं भ्रष्टाचार, हो कार्रवाई
इस मामले में भाजपा के जिला प्रचार सचिव राजवीर रोहिल्ला और ओबीसी मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष धर्मपाल पांचाल ने अधिकारियों को शिकायत की। इस पूरे मामले की वीडियो समाज सेवी प्रदीप शर्मा ने बनाई है। राजवीर रोहिल्ला ने कहा कि अधिकारी भ्रष्टाचार कर रहे हैं और इससे सरकार बदनाम हो रही है। ऐसे में दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।