मांगों को लेकर चार को शिक्षा मंत्री के नाम सौंपेंगे ज्ञापन
जींद। हरियाणा स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन (हसला) के जिला प्रधान राजबीर रेढू ने बताया कि सरकार व शिक्षा विभाग के पास काफी समय लंबित पड़ी मांगों को लेकर चार अक्तूबर डीसी के माध्यम से शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
जिला हसला के महासचिव सतीश शर्मा व राज्य सहसचिव दिलबाग ढाढा ने कहा कि सरकार व शिक्षा विभाग स्कूल प्राध्यापकों की लंबित मांगों के प्रति गंभीर नहीं है, जिसके परिणामस्वरूप स्कूल प्राध्यापकों में सरकार व शिक्षा विभाग के प्रति गहरा रोष है। आए दिन शिक्षा विभाग के नए-नए प्रयोग से शिक्षा विभाग को प्रयोगशाला बना दिया गया है। स्कूल प्राध्यापक लंबे समय से सरकार व शिक्षा विभाग को अपनी मांगों के बारे में मौखिक व लिखित रूप से उच्चाधिकारियों को बता रहे हैं, पर अभी तक कोई भी सकारात्मक कदम इस बारे में नहीं उठाया गया है। तबादला के कारण अपनी पसंद का स्टेशन पा चुके स्कूल प्राध्यापकों का आंतरिक समायोजन बिना तार्किक आधार व बिना सामान मानदंडों के दूरदराज के विद्यालयों में कर दिया गया तथा तबादला नीति के लाभ से वंचित कर दिया गया।