संवाद न्यूज एजेंसी
नरवाना। टोहाना में जमीन का एग्रीमेंट करवा 15 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। सदर थाना पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
फुलियां कलां निवासी सुरेंद्र ने एफआईआर में बताया कि 9 नवंबर 2023 को टोहाना निवासी अमित कुमार के साथ तहसील परिसर टोहाना में आठ कनाल जमीन का सौदा 18 लाख रुपये में तय किया था। उसी दिन उन्होंने 15 लाख रुपये नकद गवाहों की मौजूदगी में अमित कुमार को दे दिए थे।
इस संबंध में तहसील में एग्रीमेंट भी कराया गया जबकि रजिस्ट्री की तारीख 10 जुलाई 2024 तय हुई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार तय तारीख पर अमित तहसील कार्यालय में नहीं आया। बाद में पता चला कि उसने आठ जुलाई 2024 को ही उक्त जमीन किसी अन्य पक्ष को बेच दी।
आरोप है कि यह जमीन पूनम देवी, दर्शना देवी और रामरती के नाम करवा दी गई जबकि खरीदार के रूप में रमेश और शमशेर का नाम सामने आया।
जांच अधिकारी सोनू ने बताया कि मामले में अमित कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।