जींद। शहर थाना सफीदों पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर 15 लाख रुपये ठगने के मामले में दो लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों में एक दिल्ली का रहने वाला है जबकि दूसरा विदेश बैठा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बहादुरपुर गांव निवासी मदन सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि त्रिनगर, दिल्ली निवासी राजेंद्र से उसकी जान पहचान दिल्ली के निरंकारी सत्संग भवन में हुई थी। उसने अपने बेटे को विदेश भेजने की जब इच्छा जाहिर की तो राजेंद्र ने कहा कि अमेरिका में उसका जानकार जसविंद्र बैठा है और वह सारे काम करवा देगा। इसके बाद मदन सिंह के बेटे विनोद की जसविंदर से बात होने लगी। जसविंदर ने कहा कि सारे पैसे राजेंद्र को दे देना। उन्होंने अलग-अलग तरीकों में 6 लाख 58 हजार रुपये ऑनलाइन भेजे। इसके बाद 8 लाख 42 हजार रुपये नकद दे दिए, लेकिन राशि देने के बावजूद उसके बेटे का काम नहीं हुआ। बाद मेंजब उसने अपने पैसे वापस मांगे तो राजेंद्र ने उसे साढ़े छह लाख रुपये के दो चेक दे दिए जो कि बैंक से बाउंस हो गए। इस मामले में मदन सिंह ने अदालत में याचिका डाली, लेकिन राजेंद्र अदालत में भी पेश नहीं हुआ।
शहर थाना पुलिस सफीदों ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए राजेंद्र और जसविंदर के खिलाफ धोखाधड़ी कर राशि ऐंठने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।