28जेएनडी10: नागरिक अस्पताल के पुराने भवन के मुख्य द्वार पर सुबह शुरू की गई तोड़फोड़ । संवाद
जींद। नागरिक अस्पताल के पुराने भवन के जीर्णोद्धार का कार्य शुरू हो गया है। इस पर करीब 15 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जानी है। प्रथम चरण में मुख्य गेट के पास से काम की शुरुआत की गई है। पहले दिन गेट को उखाड़ दिया गया। हालांकि स्वास्थ्य सेवाएं बाधित न हो, इसका भी ध्यान रखा गया।
पहले की तरह ही पुरानी बिल्डिंग में आपातकाल सेवाएं बहाल रही और मजदूर अपना काम करते रहे। हालांकि लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। बार-बार मजदूर काम रोकते रहे। अस्पताल प्रशासन को हर हाल में 17 सितंबर तक काम को पूरा करना है।
अस्पताल का पुराना भवन जर्जर हालात में है और इसमें जगह-जगह सीलन है। पहले भवन को कंडम घोषित कर नए सिरे से बनाने की योजना बनी लेकिन यह योजना सिरे नहीं चढ़ पाई। हालांकि बिल्डिंग को बने हुए 50 साल से ज्यादा का समय हो चुका है और पुराने डिजाइन की बिल्डिंग बनी है।
अब इस भवन को सुधारने के लिए लगभग 15 करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार कर कार्य की शुरुआत कर दी गई है। इस राशि से अस्पताल के भवन को निजी अस्पतालों की तर्ज पर टफंड ग्लास से ढका जाएगा।
वहीं भवन के टपक रहे लेंटर का सुधार, वाहनों की पार्किंग, शौचालय समेत अन्य सभी जरूरत के सुधार किए जाएंगे। इसके अलावा फायर सिस्टम और इलेक्ट्रिक वर्क को भी पूरा किया जाएगा। बिल्डिंग में लिफ्ट सिस्टम भी है लेकिन बिल्डिंग लिफ्ट चलाने के लिए लायक नहीं है। इसके चलते लिफ्ट सिस्टम योजना को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है।
-
17 सितंबर को सीएम नायब सैनी प्रदेशभर के अस्पतालों का इनोग्रेशन करेंगे। इसके साथ ही जींद के पुराने भवन का भी इनोग्रेशन होगा। प्रयास है कि जल्द से जल्द अस्पताल के जीर्णोद्धार का काम पूरा कर लिया जाए। वार्डों में एसी लगाए जाएंगे। पुराने भवन को टफंड ग्लास के साथ कवर किया जाएगा ताकि अस्पताल की बिल्डिंग निजी अस्पतालों की तरह नजर आए।
-डाॅ. रघुवीर पूनिया, प्रधान, चिकित्सा अधिकारी नागरिक अस्पताल।