जींद। शेयर मार्केट में निवेश करवाकर ज्यादा मुनाफे का झांसा देकर युवक के साथ 14.73 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। साइबर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
साइबर थाना पुलिस को दी शिकायत में अर्बन एस्टेट निवासी सुरेश कुमार ने कहा कि 8 जनवरी को उनके व्हाट्सएप पर एक लिंक आया। उसमें लिखा था कि आप शेयर मार्केट में काम करना चाहते हो तो दिए गए लिंक पर क्लिक करें। थोड़ी देर बाद मेरे पास एप डाउनलोड करने का लिंक आया है और उसका नंबर एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया गया। उस ग्रुप का नाम गोल्ड मैन सच विजडम एकेडमी इंडिया 544 था। जिसमें लगभग 250 सदस्य थे। ट्रेडिंग शुरू करने के लिए उसने ग्रुप में आधार कार्ड और पैन कार्ड भेज दिए। खाता खुलने के बाद उसने अपने एक्सिस बैंक के खाते से 50 हजार रुपये 10 जनवरी को ग्रुप में दिए गए पंजाब नेशनल बैंक के खाते में डाल दिए। 18 जनवरी को उसके पैसे बढ़कर 60390 हो गए थे। उसने वह पैसे निकाल लिए और फिर उसने अपने खाते से डेढ़ लाख रुपये 20 जनवरी को शेयर मार्केट में लगा दिए। फिर 25 जनवरी को 10.12 लाख रुपये लगाए। इसके बाद फिर उसने 1.70 लाख रुपये डाले। यह राशि निकलवाने के लिए जानकारी ली तो उसको 24 घंटे का समय दिया। इसको लेकर उसको गुमराह करते रहे। उसको ठगी का शक हुआ तो आरोपियों ने उसके मैसेज व कॉल का जवाब देना बंद कर दिया। उसके साथ कुल 14.73 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। एएसआई प्रवीण सिंह ने कहा कि पुलिस ने साइबर ठगी करने के आरोप में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।