25जेएनडी10-शहर के एक आधार केंद्र पर बच्चे का आवेदन करवाने पहुंची महिला। संवाद
जींद। जिले में पिछले चार माह में जन्मे बच्चों के आधार कार्ड नहीं बन पा रहे हैं। इसको लेकर अभिभावक बार-बार आधार केंद्रों के चक्कर काट रहे हैं लेकिन हर बार किए गए आवेदन रद्द हो रहे हैं। आधार केंद्र संचालकों के पास भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं है। हर बार वे पोर्टल में तकनीकी खराब होने का हवाला देकर अभिभावकों को वापस भेज रहे हैं। ऐसे में अभिभावक भी परेशान हो चुके हैं लेकिन बार-बार चक्कर काटने के बाद भी समाधान नहीं हो पा रहा है। फिलहाल पिछले चार महीने के दौरान जिले में लगभग 1425 बच्चे पैदा हुए हैं। चार माह से आधार कार्ड बनाने वाले पोर्टल में तकनीकी खामी आई हुई है, जिससे नवजात बच्चों के आधार कार्ड नहीं बन रहे हैं।
अभिभावक केंद्र पर अपने बच्चों का आधार कार्ड बनवाने के लिए आवेदन करने आते हैं। हालांकि उस दौरान जो भी आधार बनाने के लिए प्रक्रिया होती है, वह पूरी करवा ली जाती है लेकिन उसके 20-22 दिन बाद मोबाइल नंबर पर मैसेज आता है कि आपके द्वारा किया गया आवेदन रद्द हो गया है। जब इस बारे आधार केंद्र पर जाकर रद्द होने का कारण पूछा जाता है तो वहां से भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलता। हालांकि आधार केंद्र के संचालकों को भी इस बारे पूरी जानकारी नहीं है कि आखिर आवेदन क्यों रद्द हो रहा है। इसको लेकर अभिभावकों के साथ-साथ आधार केंद्र संचालक भी खासे परेशान हैं। हालांकि इस परेशानी को लेकर कई बार उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया जा चुका है लेकिन उसके बावजूद भी समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है।
जींद शहर में तीन जगह चल रहे हैं आधार केंद्र
फिलहाल जींद शहर में तीन जगह आधार केंद्र चल रहे हैं। ये सिविल अस्पताल, बागवानी विभाग और सरल केंद्र में चल रहे हैं। हालांकि इन केंद्रों पर रोजाना काफी लोग आधार केंद्र बनवाने और अपडेट करवाने आ रहे हैं, जिससे पूरा दिन लोगों की भीड़ लगी रहती है। अब आगामी दिनों में क्रिड कार्यालय में भी एक आधार केंद्र स्थापित कर दिया जाएगा, जिससे लोगों को भीड़ से भी कुछ राहत मिल पाएगी।
पिछले तीन-चार महीनों से सर्वर में दिक्कत आने से बच्चों के आधार कार्ड नहीं बन पा रहे हैं। यह समस्या जींद के अलावा चंडीगढ़ समेत कई जिलों में बनी हुई है। हालांकि इस तकनीकी खामी को दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं जो कि जल्द ही खामी दूर हो जाएगी। वहीं जिन लोगों ने आधार कार्ड के लिए आवेदन किया हुआ है, वह दोबारा आवेदन न करें।
संदीप शर्मा, जिला कॉर्डिनेटर, आधार