अमर उजाला ब्यूरो
जींद। छह अप्रैल को होने वाले जिला बार एसोसिएशन के चुनावों के लिए मंगलवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। पहले दिन प्रधान पद के लिए तीन, उपप्रधान के लिए एक, सचिव के लिए एक नामांकन पत्र दाखिल किया गया जबकि संयुक्त सचिव के लिए कोई आवेदन नहीं आया। नामांकन की प्रक्रिया 22 मार्च तक चलेगी। बार एसोसिएशन में कुल 715 वोट हैं, जिनमें से 565 वोटों को ही वैध पाया गया है। बार एसोसिएशन के चुनाव में प्रधान, उपप्रधान, सचिव व संयुक्त सचिव के लिए चुनाव होगा।
बार एसोसिएशन के वर्तमान प्रधान एवं रिटर्निंग अधिकारी सुखबीर सिंह कुंडू ने कहा कि प्रधान पद के लिए तीन वकीलों ने आवेदन किया है। इनमें संग्राम सिंह, राजकुमार रेढू व सुखबीर सिंह बूरा शामिल हैं। उपप्रधान के लिए संदीप वशिष्ठ ने व सचिव के लिए संजीत मलिक ने आवेदन किया है। संयुक्त सचिव के लिए फिलहाल कोई आवेदन नहीं आया। कुंडू ने कहा कि बार एसोसिएशन के 715 वोट हैं। इनमें से 150 वोट अवैध पाए गए। इसलिए चुनाव में केवल 565 वकील ही अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। कुंडू ने कहा कि 22 मार्च तक नामांकन प्रक्रिया चलेगी। 23 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 26 मार्च तक कोई भी उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकता है। इसके बाद छह अप्रैल को सुबह नौ बजे से सांय चार बजे तक चुनाव होगा। उसी दिन प्रधान, उपप्रधान, सचिव व संयुक्त सचिव पदों पर विजेताओं के नामों की घोषणा कर दी जाएगी। उधर वकीलों ने चुनाव के लिए अपने-अपने लोगों से संपर्क करना शुरु कर दिया है। चुनाव सरगर्मियां तेज हो गई हैं।