अमर उजाला ब्यूरो
जींद।
देश भर के शहरों की स्वच्छता जांचने के लिए स्वच्छता सर्वे वीरवार से शुरू होगा। केंद्र सरकार की टीम शहर भर में घूमकर स्वच्छता की स्थिति जानेगी और इसके बाद शहर की सफाई की रैंकिंग तय होगी। पिछली बार जींद नगर परिषद को सफाई के मामले में 265वां स्थान मिला था। इस बार रैंकिंग में सुधार होगा या नहीं, यह तो सर्वे टीम के परिणाम आने पर ही तय होगा, लेकिन नगर परिषद ने अपनी तरफ से रैंकिंग सुधारने के लिए पूरा जोर लगा दिया है।
इस बार कुल चार हजार अंकों में से सफाई की स्थिति के अनुसार ही अंक मिलेंगे। इसमें शहर में सार्वजनिक शौचालयों की स्थित, शहर के रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड जैसे बड़े सार्वजनिक स्थानों पर सफाई, मेन बाजारों और सब्जी मंडी की सफाई, शहर का कूड़ा उठाने और इसके निस्तारण की स्थितियों को जांचा जाता है। इस बार रैंकिंग सुधारने के लिए नगर परिषद ने कई नए कदम उठाए हैं।
चार बातें, जो सुधार सकती हैं रैंकिंग
पिछले साल हुए सर्वे के बाद शहर में हालात काफी सुधरे हैं। हालांकि नगर परिषद द्वारा घर-घर से कूड़ा उठाने के लिए बनाई गई योजना भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते रुक गई है, लेकिन फिर भी काफी ऐसे पहलू हैं, जिनसे सकारात्मक परिणाम आ सकते हैं।
1. सार्वजनिक शौचालय: जींद शहर ओडीएफ घोषित हो चुका है। इसका अर्थ है कि यहां लोग खुले में शौच नहीं जाते। इसके तहत कुल 15 स्थानों पर सार्वजनिक शौचालय बने हैं, जिनमें 208 सीट लगाई गई हैं। इससे स्वच्छता रैंकिंग में सुधार होने की उम्मीद है।
2. कूड़ा कलेक्शन सेंटर: शहर में करीब 50 जगह पर कूड़ा कलेक्शन सेंटर बनाए गए हैं। इससे कॉलोनियों से निकलने वाला कूड़ा यहां डाला जाता है और यहां से नगर परिषद के ठेकेदार इसे डंपिंग साइट तक पहुंचाते हैं। कूड़ा कलेक्शन सेंटरों की स्थिति काफी सुधरी है।
3. रात को सफाई अभियान: नगर परिषद ने भीड़ भाड़ वाले ऐसे बाजार, जहां दिन के समय सफाई नहीं हो सकती, वहां रात को सफाई का अभियान शुरू किया है। इससे शहर की सफाई की स्थिति सुधरी है। दिन भर बिखरने वाला कूड़ा रात को ही साफ हो जाता है।
4. स्वच्छता एप: प्रदेश सरकार ने स्वच्छता की स्थित सुधारने के लिए एप लांच किया है। इसके तहत लोग अपने मोबाइल फोन में फोटो खींच कर भेजते हैं, जिस पर नगर परिषद यहां सफाई की व्यवस्था करती है। इस प्रकार के 150 से अधिक शिकायतें आई। इनमें से 135 से अधिक शिकायतों का समाधान किया गया है।
शहर में निकाली स्वच्छता रैली
वीरवार को होने वाले स्वच्छता सर्वे से पहले नगर परिषद की टीम ने शहर में रैली निकाल कर लोगों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया। इस दौरान नगर परिषद की रैली कार्यालय से शुरू होकर मेन बाजार, पंजाबी बाजार, तांग चौक, शिव चौक होते हुए बैंड मार्केट से वापस नगर परिषद कार्यालय पहुंची।
ऐसे चलेगा सर्वे
सर्वे के लिए केंद्र सरकार की टीम पहुंचेगी। यह टीम शहर के अलग-अगल हिस्सों से फोटो कर ऑनलाइन अपलोड करेगी। इसके बाद केंद्रीय सिस्टम से ही रैंकिंग का परिणाम घोषित ािया जाएगा।
इस बार मुकाबला पिछले साल से अधिक बड़ा है। पिछले साल 400 से कुछ अधिक शहरों का सर्वे हुआ था। इस बार चार हजार शहरों का सर्वे हो रहा है। फिर भी जींद नगर परिषद की तैयारी बहुत अच्छी है। बेहतर परिणाम की उम्मीद है।
डॉ. एसके चौहान, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद जींद।