जिले में बढ़े डेंगू के मरीज, 11 नए केस आए सामने
जींद। स्वास्थ्य विभाग के लाख प्रयासों और मौसम की मेहरबानी के बावजूद जिले में डेंगू के मरीजों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। मंगलवार को जिला में डेंगू के 11 नए मरीजों की पुष्टी हुई है। हैरानी की बात है कि इन 11 नए मामलों में आठ अकेले अर्बन एस्टेट के हैं। इसके साथ ही डेंगू पीड़ितों की संख्या जिला में 96 पहुंच गई है। वहीं मंगलवार को भी स्वास्थ्य विभाग ने कॉलोनियों में जाकर अभियान चलाया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घर घर जाकर आम लोगों को डेंगू, मलेरिया व चिकनगुनिया बुखार के लक्षण, कारण व बचाव की जानकारी दी। स्वास्थ्य निरीक्षक राममेहर वर्मा तथा रामकुमार जांगड़ा के नेतृत्व में स्वास्थ्य कर्मी ओमप्रकाश, गुरनाम, मुकेश कुमारी, शीला देवी, रानी, ज्योति, शर्मिला, नीलम, सोनिया मलिक, अमरजीत, प्रदीप शर्मा, जगदीप, उर्मिला, आरती, राधा रानी, राजरानी, सूरजमुखी, अंजू, पूनम रानी ने अर्बन एस्टेट, इंदिरा कालोनी, रामबीर कालोनी, सेक्टर आठ में घर-घर जाकर बुखार के मरीजों का जायजा लिया। इस दौरान बुखार से पीड़ित 38 लोगों के खून के नमूने लेकर जांच के लिए भिजवाए। जिन लोगों को डेंगू की पुष्टि हुई है, उनके परिवार के 20 लोगों के भी खून के नमूने लिए गए। स्वास्थ्य निरीक्षक राममेहर वर्मा ने बताया कि जांच के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों को घरों में रखे फ्रिज की ट्रे, होदी व बर्तनों में रखे जाने वाले पानी मे लारवा मिल रहा है।