नरवाना। इनेलो के एसवाईएल के पानी की मांग के लिए सोमवार को पंजाब मार्ग बंद करने के आह्वान पर रविवार को गढ़ी थाना में पंजाब और हरियाणा की पुलिस का आपस में कोऑर्डिनेशन हुआ। सोमवार को इन मार्गों पर पुलिस फोर्स पेट्रोलिंग और नाका ड्यूटी लगाई गई। इन मार्गों पर साइन बोर्ड भी लगाए जाएंगे। एसएसपी शशांक आनंद ने बताया कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। उन्होंने बताया कि इन मार्गों पर एंबुलेंस, फायर-ब्रिगेड के अलावा अन्य सुविधाजनक साधनों को लगाया जाएगा। जिलाधीश अमित खत्री ने नरवाना के खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी राजेश कुमार को नरवाना में तैनात सहायक कमांडेंट सीआरपीएफ के साथ ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है।
तीन कंपनियां तैनात
डीएसपी कुलवंत बिश्नोई ने बताया कि तीन कंपनियां तैनात की गई है। इसमें दो कंपनियां हरियाणा पुलिस और एक कंपनी सीआरपीएफ के जवानों की बुलाई गई है। पंजाब से आने वाले वाहनों का रास्ता बदल दिया गया है। उन्होंने बताया कि रविवार को गढ़ी थाना में पंजाब पुलिस के अधिकारियों के साथ बैठक करके तय किया गया कि दातासिंह बार्डर से पहले ही वाहनों को दूसरे रास्ते से निकाल दिया जाए।
टोहाना और कैथल के रास्ते से निकाले जाएंगे वाहन
गढ़ी थाना प्रभारी मनजीत सिंह ने बताया कि पंजाब से आने वाले वाहनों को खनौरी पातड़ा के बीच से टोहाना और कैथल के रास्ते से निकाल दिया जाएगा। उन्होंने पंजाब से आने वाले वाहन चालकों को दूसरे रास्तों से जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में नहीं लेने देंगे।
प्रशासन अलर्ट, रास्ता डायवर्ट
अमर उजाला ब्यूरो