अमर उजाला ब्यूरो
जींद।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा की नई अनाज मंडी में की किसान पंचायत पर इनेलो विधायक परमेंद्र सिंह ढुल ने सवाल उठाया। जुलाना से इनेलो विधायक ढुल ने कांग्रेस पर किसानों के नाम पर राजनीति करने के आरोप लगाए हैं। ढुल ने कहा कि जिस समय डॉ. स्वामीनाथन आयोग ने अपनी सिफारिश पेश की, कांग्रेस की सरकार केंद्र और हरियाणा में थी। यदि कांग्रेस पार्टी को किसानों से कोई हमदर्दी होती उस समय रिपोर्ट को किसानों के हक में लागू कर देते। अर्बन एस्टेट स्थित पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में ढुल ने कहा कि 13 साल बाद सिर्फ सत्ता हथियाने के लिए पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा को किसानों की याद आई है। उन्होंने कहा कि अपना राजनीतिक वजूद बचाने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा किसानों के मंच का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में रहते किसानों की हजारों एकड़ भूमि अधिग्रहण कर उच्च घरानों को कौड़ियों के भाव बेच दी थी। उन्होंने कहा कि पूर्व सीएम ने जींद के विकास की भी बात की, जो जींद के लोगों के साथ बेमानी है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा के कार्यकाल में जींद की किसी भी परियोजना पर काम शुरू नहीं हो पाया।
किसानों के नाम पर राजनीतिक ढोंग कर रहे हैं कांग्रेसी : ढुल
कांग्रेस ने सत्ता में रहते किसानों को नहीं दिया स्वामीनाथन आयोग का लाभ
कांग्रेस की किसान पंचायत पर बोले, विधायक परमेंद्र सिंह ढुल