अमर उजाला ब्यूरो
जींद।
शिरोमणी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के वरिष्ठ उपप्रधान बलदेव सिंह कायमपुर ने कहा कि जींद में चौधरी रणबीर सिंह विवि के पास बन रहे पॉलीटेक्निक कॉलेज का काम जल्द शुरू होगा। पिछली सरकार के समय इसके लिए सीएलयू नहीं मिलने के कारण काम नहीं हो सका। अब वर्तमान सरकार इसमें रुचि दिखा रही है। रविवार को शहर के ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री गुुरु तेगबहादुर साहिब में भाई मतीदास यात्री निवास का उद्घाटन के बाद यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यहां बने 37 कमरों वाले यात्री निवास में यात्रियों और श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए यह सुविधा मुफ्त मुहैया करवाई जाएगी।
बलदेव सिंह ने कहा कि जींद में अधर में लटके पॉलीटेक्निक कॉलेज के निर्माण की प्रक्रिया फिर से शुरू की जा रही है। इससे शहर एवं आसपास के लोगों को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि एसजीपीसी ने हरियाणा में कई संस्थानों की स्थापना करने का प्रयास कई साल पहले शुरू किया। पिछली कांग्रेस सरकार ने 10 साल के शासन में रोड़ा अटकाया। शाहबाद का मीरी-पीरी मेडिकल कॉलेज और जींद का पॉलीटेक्निक कॉलेज इसके उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि सीएम मनोहर लाल खट्टर ने इन संस्थानों के निर्माण में विशेष रुचि दिखाई है। मीरी-पीरी मेडिकल कॉलेज में अनेक फैकल्टी शुरू कर दी गई है। रोजाना करीब 500 ओपीडी आ रही हैं। जींद के पॉलीटेक्निक कॉलेज का कार्य कांग्रेस शासन में सीएलयू नहीं मिलने के कारण अटक गया था, अब यह दिक्कत समाप्त हो गई है। शीघ्र ही इसका निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। इस मौके पर गुरुद्वारा के प्रबंधक कुलविंद्र सिंह, गुरजिंद्र सिंह, शिरोमणी अकाली दल के जिला प्रधान अजायब सिंह, जोगेंद्र सिंह पाहवा, सरदार सिंह, सिकंदर सिंह, जसकरण सिंह, कुलदीप सिंह विर्क, टहल सिंह विर्क, करकीरत सिंह, शरणजीत सिंह सौधा, सुखबीर सिंह मांडी, बलदेव सिंह खालसा मौजूद रहे।
कांग्रेस ने जनता को किया गुमराह किया
इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में सरदार बलदेव सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने सदैव सिख धर्म को बांटने का प्रयास किया और एसजीपीसी के मामले में हरियाणा की जनता को गुमराह किया। कायमपुर ने कहा कि उन्होंने कहा हरियाणा से गुरुद्वारा की आय के मामले में कांग्रेस ने हमेशा झूठ बोला। हरियाणा के गुरुद्वारों से शिरोमणि कमेटी को केवल दस प्रतिशत दान के तौर पर जाता है। बाकी राशि हरियाणा में ही खर्च होती है। कांग्रेस ने 300 करोड़ रुपये आय कहकर लोगों मेें भ्रम फैलाया। हरियाणा के गुरुद्वारों का कुल बजट ही 40 करोड़ रुपये है।
एसजीपीसी जल्द बनाएगा जींद में पॉलीटेक्निक कॉलेज
उप प्रधान ने कहा- पिछली सरकार ने रोड़ा अटकाया, नहीं मिली सीएलयू
गुरुद्वारा में 37 कमरों के यात्री निवास का उद्घाटन