घर-घर जाकर भाजपा के घोटालों को उजागर करेगा कांग्रेस सेवा दल : राजेंद्र
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। कांग्रेस सेवादल की प्रदेश स्तरीय बैठक रविवार को देवीलाल चौक स्थित चैंबर वाली धर्मशाला में हुई। जिसकी अध्यक्षता सेवादल की महिला प्रदेश अध्यक्ष सुखजिंद्र कौर की। इस दौरान लोकसभा चुनाव को लेकर चर्चा की गई। मुख्यातिथि के तौर पर कांग्रेस सेवादल के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र रासरानियां शामिल हुए। कांग्रेस सेवादल के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र कुमार ने कहा कि सेवादल का एक ही लक्ष्य है राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना। इसके लिए हरियाणा की सभी 10 सीटों को जिताने के लिए सेवादल एकजुट होकर काम करेगा।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश प्रभारी राजेंद्र सिंह ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पांच साल के कार्यकाल में भाजपा ने केवल जुमलेबाजी करने के साथ घोटालों को अंजाम दिया है। जनहित में कोई काम नहीं किया है। आज उनके भ्रष्टाचार के नए-नए मामले उजागर हो रहे हैं। राफेल सौदे में बड़े स्तर पर हुए घोटाले व अन्य भ्रष्टाचार के मामलों के बारे कांग्रेस सेवादल घर-घर जाकर लोगों को बताएगी।
महिला प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि लोकसभा चुनावों को लेकर बूथ लेवल पर कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई गई है। इसमें महिलाएं भी अपनी अहम भूमिका निभाएंगी। इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष छोटा सिंह चौहान, सेवादल के कोषाध्यक्ष कमल दीवान, हरियाणा कांग्रेस सेवादल के अतिरिक्त मुख्य संगठक विजय डांगी, अशोक कादयान, पूनम चौहान, बीआर कौशिक, रेखा कश्यप, सुनीता रानी, सुनीता शर्मा, अनिल शर्मा, जितेंद्र चौहान, पूनम चौहान, नविंद्र चौहान, जोगेंद्र चौहान, अयूब खान मौजूद रहे।