गड्ढों में तब्दील हुई सड़क से वाहन चालक परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
उचाना। जय मां अन्नपूर्णा क्षेत्र के पास से गुजर रहे हाईवे पर जाने वाला बड़ौदा बाईपास गड्ढों में तब्दील हो गया है। मार्केटिंग बोर्ड विभाग द्वारा यहां पर पैचवर्क करके गड्ढों को खत्म कर दिया गया था। मगर दोबारा से सड़क का हाल वही हो गया है जैसा पहले था। वाहन चालकों ने सड़क का दोबारा से निर्माण करने की मांग की है, ताकि उनको परेशानी से निजात मिल सके। यहां पर मार्केटिंग बोर्ड द्वारा किए जाने वाले पैचवर्क के कुछ महीनों के बाद फिर से गड्ढे बन जाते हैं।
विक्रम, अनूप, नवीन, सुनील ने कहा कि आज से नहीं बल्कि यहां पर यह परेशानी कई साल पहले की है। पैचवर्क के कुछ महीनों के बाद यहां फिर से गड्ढे बन जाते है। यहां पर सड़क का दोबारा से निर्माण होने के बाद ही इस परेशानी से छुटकारा मिल सकता है। यहां पर गड्ढे इतने गहरे है कि कोई भी हादसा हो सकता है। उन्होंने कहा कि गेहूं का सीजन आने को है। ऐसे में मंडी में आने के लिए जो गांव बड़ौदा की तरफ है वह इसी रास्ते से मंडी में आते है। यहां से फसल के सीजन में आने-जाने में कोई हादसा हो सकता है। सड़क का लेवल ठीक नहीं होने के साथ-साथ गड्ढे भी काफी गहरे कई जगहों पर बने है। मार्केटिंग कमेटी सचिव जोगिंद्र सिंह ने कहा कि वह इस बारे में मार्केटिंग बोर्ड विभाग के एसडीओ से बात करेंगे। वाहन चालकों को किसी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।