तीसरी बार टूटा डॉ. बीआर आंबेडकर की प्रतिमा का चश्मा
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। रानी तालाब स्थित डॉ. भीम राव आंबेडकर की प्रतिमा का चश्मा मंगलवार को पिछले दस माह में तीसरी बार टूटा हुआ मिला। इस पर अनुसूचित जाति संगठनों ने रोष जताया। सूचना मिलते ही प्रशासन भी हरकत में आया और चश्मा लगवाने की कवायद शुरू की। इसी बीच शहर थाना प्रभारी दिनेश कुमार मौके पर पहुंचे और उन्होंने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली। इसमें सामने आया कि सुबह करीब सवा नौ बजे एक बंदर डॉ. भीम राव आंबेडकर की प्रतिमा का चश्मा तोड़ रहा है। इसके बाद विरोध कर रहे लोग शांत हो गए।
गौरतलब है कि पहले दो फरवरी को और इसके बाद आठ नवंबर को भी डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा का चश्मा टूटा हुआ मिला था। इन दोनों मामलों में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। पिछले सप्ताह वीरवार को चश्मा टूटने पर अनुसूचित जाति संगठनों से जुड़े लोगों ने कहा था कि यदि सीसीटीवी कैमरा ठीक होता तो आरोपी तक पहुंचा जा सकता था। ऐसे में प्रशासन ने तीन दिन पहले ही सीसीटीवी कैमरा ठीक करवाया है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज होने से यहां विवाद होने से बच गया।
डॉ. भीम राव आंबेडकर सभी के लिए सम्मानित हैं, उनकी प्रतिमा का चश्मा टूटने की घटना को पुलिस ने गंभीरता से लिया है। अब सीसीटीवी कैमरे में साफ हुआ कि चश्मा बंदरों ने तोड़ा है। ऐसे में प्रशासन से मिलकर कोई ऐसी व्यवस्था की जाएगी कि यहां बंदर नहीं आ पाएं।
दिनेश कुमार, शहर थाना प्रभारी।