90 प्रतिशत अनुदान पर मिलेगा सोलर ट्यूबवेल
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। राज्य सरकार की ओर से किसानों को 90 प्रतिशत अनुदान पर सोलर ट्यूबवेल उपलब्ध करवाने का निर्णय लिया गया है। किसान आगामी एक अगस्त से 10 अगस्त तक सोलर ट्यूबवेल प्राप्त करने के लिए आवेदन जमा करवा सकते है। एक राशन कार्ड पर एक ट्यूबवेल प्राप्त करने के लिए आवेदन किया जा सकता हैं। ये जानकारी एडीसी धीरेंद्र खडगटा ने दी।
उन्होंने बताया कि सोलर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए सरकार की ओर से किसानों को सोलर ट्यूबवेल उपलब्ध करवाने का निर्णय लिया गया है। सोलर ट्यूबवेल प्राप्त करने के लिए आवेदक आवेदन पत्र अक्षय ऊर्जा विभाग की वेबसाइट डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यू डाट हरेडा डाट जीओवी डाट ईन से प्राप्त किए जा सकते हैं। इस आवेदन पत्र को पूर्ण रूप से भरकर अक्षय ऊर्जा विभाग के जींद कार्यालय में प्रात: साढ़े नौ बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक जमा करवा सकते हैं। एक परिवार के एक राशन कार्ड पर एक ही आवेदन किया जा सकता है। गलत जानकारी देने पर एवं एक परिवार से दो आवेदन होने पर दोनों आवेदनों को अमान्य करार दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि आवेदन वही व्यक्ति कर सकता है जिसके नाम जिले के अंतर्गत कृषि योग्य जमीन हो। जिस आवेदक का पिछले सात वर्षों के दौरान अगर कोई सोलर पंप पहले से लगा हुआ है तो उसका आवेदन स्वत: अमान्य होगा। आवेदन पत्र के साथ आवेदक को एक नवीनतम फोटो, जमीन की फर्द की कॉपी, राशन कार्ड की फोटो कॉपी तथा आधार कार्ड साथ लगाने अनिवार्य है। एडीसी ने बताया कि दो एचबी मोनो ब्लॉक सोलर ट्यूबवेल की कीमत एक लाख 84 हजार 950 रुपये है। दो एचपी सबमर्सिबल पंपसेट की अनुमानित कीमत दो लाख 35 हजार हैं। पांच एचपी सबमर्सिबल पंपसेट की अनुमानित कीमत चार लाख 38 हजार रुपये है। उन्होंने बताया कि आवेदन करने वाले उम्मीदवारों में से जिन उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। उन आवेदकों को सोलर ट्यूबवेल पंपसेट की कुल कीमत की दस प्रतिशत राशि जमा करवानी होगी। उन्होंने बताया कि इस योजना के लिए ड्रा सिस्टम अपनाया जाएगा।