अमर उजाला ब्यूरो
जींद।
नई सब्जी मंडी में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मजदूर-किसान पंचायत में सरकार पर जमकर भड़ास निकाली। हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार के दौरान किसानों की फसल पिट रही है और उपभोक्ताओं को महंगा सामान खरीदना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार आने से लोगों को अपने और पराए की पहचान हो गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पहले किसान के पेट पर लात मारी और अब किसान की छाती में गोलियां मारी जा रही हैं।
हुड्डा ने कहा कि जींद से उठी आवाज पूरे देश में जाएगी और वे इस लड़ाई को आगे तक लेकर जाएंगे। जब तक किसानों को न्याय नहीं मिलता, वे न तो खुद सोएंगे, न किसान को सोने देंगे और न ही सरकार को सोने देंगे। इस दौरान पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष फूल चंद मुलाना और महम से विधायक आनंद सिंह दांगी, पूर्व मंत्री रघुबीर सिंह कादयान, कुलदीप शर्मा, गीता भुक्कल, श्रीकृष्ण हुड्डा, उदयभान, ललित नागर, शकुंतला खटक, जगबीर मलिक, जयवीर बाल्मीकि, पूर्व सांसद धर्मपाल मलिक, पूर्व सांसद कैलाशो सैनी, प्रोफेसर संपत सिंह, चक्रवर्ती शर्मा, परमवीर सिंह, रणसिंह मान, कृष्णमूर्ति हुड्डा, प्रदेश सचिव जगबीर ढिगाना, जींद नगरपरिषद के उप प्रधान विनोद आशरी मौजूद रहे।
भाजपा दे किसानों को हिसाब
हुड्डा ने कहा कि उनकी सरकार के समय धान छह हजार रुपये क्विंटल बिक रही थी, जो अब दो हजार रुपये प्रति क्विंटल है। इसके बावजूद चावल सस्ता नहीं हुआ। कपास सात हजार रुपये प्रति क्विंटल से आधी आ गई है, लेकिन कपड़ा सस्ता नहीं हुआ। हुड्डा ने कहा कि पापुलर 1300 रुपये प्रति क्विंटल से 250 रुपये प्रति क्विंटल तक आ गया है, लेकिन प्लाई सस्ती नहीं हुई है। भाजपा सरकार को इसका हिसाब देना होगा।
गिनवाए जींद के काम
हुड्डा ने कहा कि तीन साल में भाजपा की सरकार जींद के बाईपास पर काम शुरू नहीं कर पाई है। वहीं 200 बेड का अस्पताल तैयार है, लेकिन सरकार इसे शुरू नहीं कर पाई।
अब 16 को यमुनानगर में
हुड्डा ने मंच से एलान किया कि 16 जुलाई को यमुनानगर और 22 जुलाई को नुहं में अगली पंचायत होगी।
दीपेंद्र बोले- जीएसटी व्यवस्था सही सरकार की नीयत में खोट
रोहतक से सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि जीएसटी व्यवस्था सही है। कांग्रेस के समय आम आदमी को राहत देते हुए कर की व्यवस्था की गई थी। अब सरकार ने आम आदमी के उपभोग और कृषि के सामान पर कर लगा दिया है। यही कारण है कि लोग इसका विरोध कर रहे हैं।
भाजपा ने पहले किसान के पेट पर लात मारी, अब छाती में गोलियां
मजदूर किसान पंचायत में भाजपा पर बरसे पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा
बोले- भाजपा की सरकार आने से लोगों को हुई अपने-पराए की पहचान