जींद। दिव्यांग मतदाताओं के मत डलवाने के लिए डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आदित्य दहिया ने सभी जोनल मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए हैं कि वह अपने-अपने क्षेत्र के दिव्यांग मतदाताओं की सूची तैयार करें। इसके बाद इनके मत डलवाने के लिए गाड़ी की व्यवस्था करवाई जाए।
डीआरडीए सभागार में आयोजित बैठक में डीसी डॉ. आदित्य दहिया ने कहा कि दिव्यांग मतदाता आसानी से मतदान कर सकें, इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा तमाम प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने दिव्यांग मतदाताओं को मतदान केंद्रों तल लाने और उन्हें घर छोड़ने की जिम्मेदारी जोनल मजिस्ट्रेट को सौंपी है। उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए उन्हें एक-एक अतिरिक्त गाड़ी उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके बावजूद किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। सभी जोनल मजिस्ट्रेट तथा सेक्टर अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह अपने क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी मतदान केंद्रों का दौरा कर सुगम रूट प्लान तैयार करें, ताकि कोई भी घटना घटने पर शीघ्र अति शीघ्र मतदान केंद्रों पर पहुंचा जा सके।
उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। सेक्टर अधिकारी मतदान केंद्रों पर तमाम प्रकार की व्यवस्थाएं पूर्ण करने का कार्य करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जोनल मजिस्ट्रेट तथा सेक्टर अधिकारियों के लिए 13 मई का अवकाश घोषित किया गया है, क्योंकि वह 11 तथा 12 मई को लगातार चुनावी ड्यूटी देंगे।