जुलाना। शामलो कलां खरीद केंद्र पर मंगलवार दोपहर में गेहूं से भरे कट्टों में आग लग गई। आग की लपटों को देखकर किसान व आढ़ती मौके पर पहुंचे और उस पर काबू पाया। जब तक आग बुझाई गई तब तक गेहूं से भरे दस कट्टे जल चुके थे। जल्द ही आग पर काबू नहीं पाया गया होता तो पूरी मंडी जलकर राख हो सकती थी। आग कैसे लगी इसके कारणों का पता नहीं चल पाया है। शामलो कलां खरीद केंद्र गेहूं से लबालब भरा हुआ है। कहीं पर भी गेहूं को उतारने की जगह नहीं बची है। उठान धीमी गति से हो रही है। सीजन आधा आ चुका है, मगर मंगलवार दोपहर तक करीब ढाई हजार गेहूं के कट्टों का ही उठान हुआ है। केंद्र पर मंगलवार दोपहर धुआं उठता दिखाई दिया। यह धुआं जल्द ही आग की लपटों में तब्दील हो गया। जुलाना मंडी में 492937 क्विंटल, फतेहगढ़ में 10490 क्विंटल तथा शामलो कलां खरीद केंद्र पर 24925 क्विंटल गेहूं खरीदा जा चुका है। जुलाना में मंडी में उठान भी साथ-साथ हो रहा है।
सविता, जुलाना मार्केट कमेटी सचिव।