महिला को 55 और पुरुष को 58 वर्ष की आयु में देंगे पेंशन : दुष्यंत
अमर उजाला ब्यूरो
उचाना। सासंद दुष्यंत चौटाला ने शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के पैतृक गांव डुमरखां कलां से उचाना हलके के गांवों का दौरा शुरू किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जेजेपी के सत्ता में आने पर 55 साल की उम्र वाली महिलाओं को पेंशन दी जाएगी। इन महिलाओं को पेंशन के लिए चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। घर पर ही उनको पेंशन दी जाएगी। बुजुर्गों को भी 60 के बजाय 58 साल की उम्र पूरी करते ही वृद्धा पेंशन दी जाएगी। सांसद ने डुमरखां खुर्द, तारखां, लोधर, सफा खेड़ी, करसिंधु गांवों का दौरा किया के।
दुष्यंत ने कहा कि गुजरात में बने सरदार वल्लभ भाई पटेल के स्टैच्यू के बराबर ही जींद में शहीद सरदार भगत सिंह का स्टैच्यू बनाया जाएगा। हलके के लोगों ने हमेशा हर राजनीति संघर्ष में साथ दिया है। यहां के लोगों ने जो प्यार, आशीर्वाद दिया है उसको वो जीवनभर नहीं भूलेंगे। उन्होेंने कहा कि भाजपा के पास प्रदेश की दस सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने के लिए नेता नहीं मिल रहे हैं, यही कारण है वे आज दूसरी पार्टी के नेताओं की तरफ देख रहे हैं। प्रदेश में भाजपा के सात सांसद थे। आज स्थिति यह है कि इनमें से चार जगह पर नए उम्मीदवार भाजपा उतार सकती है। भाजपा ने सिर्फ जात-पात की राजनीति की है। भाजपा नेताओं को पता होनी चाहिए कि कोरी बातों एवं भाषणों से पेट नहीं भरता है। जो घोषणा पत्र भाजपा का था उसमें से कोई काम नहीं हुआ है। फसल बीमा के नाम पर किसानों को लूटा जा रहा है। किसान की बिना मर्जी से उनके बैंकों के खातों से राशि काटी जा रही है। इस मौके पर नरवाना के विधायक पिरथी नंबरदार, जोरा सिंह डुमरखां, विश्ववीर नंबरदार, नसीब घसो, अजमेर वकील, भलेराम श्योकंद, शमशेर नगूरां, प्रदीप सफा खेड़ी, महेंद्र लोधर, रणबीर श्योकंद, सूरजमल ग्रोवर, राजीव डुमरखां, मनोज शर्मा, धर्मबीर श्योकंद, डॉ. ईश्वर, अमनदीप काकड़ोद मौजूद रहे।