सरकारी कार्य में बाधा डालने के तीन आरोपी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। रोजगार कार्यालय में हंगामा करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में पुलिस ने आठ महीने बाद तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। तीनों को अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
17 जुलाई 2018 को रोजगार कार्यालय में विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए लोगों की काफी भीड़ जुटी हुई थी। इस दौरान यहां काफी हंगामा हुआ था। हंगामे करने की शिकायत विभाग द्वारा सिविल लाइन थाना पुलिस को दी थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एसआई हरिकिशन ने बताया कि मंगलवार को इस मामले में गांव देवरड़ निवासी 58 वर्षीय दीनदयाल, गांगोली निवासी 49 वर्षीय राजेंद्र, डाहौला निवासी 48 वर्षीय रामनिवास को गिरफ्तार किया गया है। तीनों को बुधवार को अदालत में पेश किया गया। एसआइ ने बताया इस मामले में कुछ अन्य लोगों की गिरफ्तारी अभी बाकी है।