अमर उजाला ब्यूरो
जींद। जिला उद्यान विभाग कार्यालय में फूड प्रोसेसिंग यूनिट के तहत चल रहा चार दिवसीय महिला प्रशिक्षण शिविर वीरवार को संपन्न हो गया। इस अवसर पर प्रशिक्षु महिलाओं को प्रमाण पत्र व मिक्सर ग्राइंडर वितरित किए गए। शिविर में महिलाओं को आचार, मुरब्बा डालना, जैम बनाना सिखाया गया। इसके अलावा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए स्वरोजगार स्थापित करने के बारे में भी जानकारी दी गई।
जिला फूड प्रोसेसिंग के फूड इंजीनियर अमित लौहान ने प्रशिक्षु महिलाओं को बताया कि आजकल फल व सब्जियों में अत्याधिक रासायनिक उर्वरकों व कीटनाशकों का प्रयोग हो रहा है। इसससे हमारे शरीर पर काफी दुष्प्रभाव पड़ता है। इसलिए फल व सब्जियों को खाने व पकाने से पहले इन्हें नमक के पानी में अच्छी तरह से भिगो कर रख दें। इससे इनमें बचे हुए रासायनिक उर्वरक व कीटनाशकों के अंश खत्म हो जाएंगे। उन्होंने बताया कि फल व सब्जियों का जैम बनाने व आचार डालने से पहले इस प्रक्रिया को जरूर अपनाएं। अमित लौहान ने बताया कि यदि कोई महिला यहां से आचार, मुरब्बे व जैम बनाने का प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद स्वरोजगार स्थापित करना चाहती है तो उसके लिए वह नेशनल होर्टिकल्चर बोर्ड, बागवानी विभाग व इंडस्ट्रियल डिपार्टमेंट हरियाणा से सब्सिडी पर लोन लेकर अपना खुद का कम शुरू कर सकती है।