सरकार के किसी भी मंत्री या विधायक के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप नहीं : सीएम
सफीदों।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने एक बार फिर विरोधियों पर निशाना साधते हुए बिना नाम लिए किया कि भ्रष्टाचार के मामले में एक पूर्व मुख्यमंत्री जेल में हैं और दूसरे की जाने की तैयारी है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उनके साथ ईमानदार शब्द बोलने पर भी लोगों को नसीहत दी कि वे अकेले ईमानदार नहीं हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि उनकी सरकार ने भ्रष्टाचार को समाप्त करने का प्रण लिया। इसी का परिणाम है कि सरकार के किसी भी मंत्री या विधायक के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप नहीं हैं।
खट्टर ने कहा कि मंच पर बैठे लोग और जनसभा में बैठे लोग सभी ईमानदार हैं। ऐसे में सिर्फ उनके साथ ईमानदार शब्द नहीं लगाया जाए। विपक्ष के लोग भी सरकार की ईमानदारी को चुनौती नहीं दे सकते, जबकि पहले की सरकारों में भ्रष्टाचार व्याप्त था। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के चलते एक पूर्व मुख्यमंत्री जेल जा चुके हैं, जबकि दूसरे के जाने की तैयारी है। गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला को भ्रष्टाचार के मामले में जेल हुई है, जबकि पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा के मामलों की जांच चल रही है।
राजपूत समाज के प्रदेशाध्यक्ष को बीच में रोका
मुख्यमंत्री की मौजूदगी में मंच से राजपूत समाज के प्रदेशाध्यक्ष रिटायर्ड कर्नल देवेंद्र सिंह ने भी संबोधित किया। इस दौरान कर्नल देवेंद्र सिंह ने कहा कि जिस प्रकार प्रधानमंत्री के आह्वान पर संपन्न लोगों ने रसोई गैस की सब्सिडी छोड़ दी, उसी प्रकार संपन्न लोगों द्वारा आरक्षण का लाभ छोड़ दिया जाना चाहिए। इसके लिए मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री को आह्वान करना चाहिए। इस पर उन्हें बीच में ही रोक कर संबोधन बंद करवा दिया गया।
फोटो नंबर
20जेएनडी20: महाराणा प्रताप के चित्र पर पुष्प अर्पित करते मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर।