दलितों ने किया प्रदर्शन, धर्म परिवर्तन की चेतावनी
जींद। लघु सचिवालय के बाहर मांगों को लेकर दलितों का धरना रविवार को 100वें दिन भी जारी रहा। धरने पर समाज के लोग एकत्रित हुए और सरकार विरोधी नारे लगाते हुए शहर के रानी तालाब पर स्थित भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।
दलित ज्वाइंट एक्शन कमेटी के सदस्य एडवोकेट रजत कल्सन ने कहा कि सरकार की बेशर्मी की हद पार हो चुकी है। दलितों को जायज मांगों के लिए सौ दिन तक धरने पर बैठना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार को चेताया कि अगर अगले रविवार तक मांगें पूरी नहीं की तो दलित समाज दिल्ली जाकर धर्म परिवर्तन करेगा। दिनेश खापड़ ने कहा कि दिल्ली कूच के दौरान हरियाणा में भारत सरकार की दलित विरोधी मानसिकता के बारे में प्रचार करेंगे। दलित समाज से 75 वर्षीय पिरथी सिंह की भूख हड़ताल भी 20वें दिन में प्रवेश कर गई जिसके चलते उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। वक्ताओं के भाषण के बाद दलित समाज के लोगों ने रोष मार्च निकाला और बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद वापस सरकार विरोधी नारे लगाते हुए धरनास्थल पर आए। इस अवसर पर अजय भंभेवा, सुधीर शास्त्री, रामदास आंबेदकर, अशोक भोला, विजय बोध, रविंद्र सरोहा, मंजीत चोपड़ा मौजूद रहे।