अमर उजाला ब्यूरो
जींद। ह्यूमन राइट लॉ नेटवर्क एवं भीम आर्मी ने फिल्म अभिनेता सलमान खान और अभिनेत्री शिल्पा शेट्ठी के खिलाफ अनुसूचित जाति के लोगों के बारे में अपमानजनक और जातिसूचक गाली देने का आरोप लगाते हुए एसएसपी को शिकायत देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। शिकायतकर्ताओं ने कहा कि जल्द ही दोनों को गिरफ्तार किया जाए।
अधिवक्ता रजत कलसन के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी को दी शिकायत में कहा कि वे अनुसूचित जाति से संबंध रखते हैं। उन्होंने फेसबुक पर किसी अन्य द्वारा भेजे गए सलमान खान और शिल्पा शेट्ठी द्वारा दिए गए इंटरव्यू देखे, जिसमें दोनों फिल्मी हस्तियों ने अनुसूचित जाति के बारे में भंगी शब्द का प्रयोग किया है। यह दोनों वीडियो आजकल यू-ट्यूब पर भी वायरल हो चुकी हैं। भीम आर्मी के प्रदेश प्रभारी दिनेश खापड़ा, प्रदेश प्रवक्ता देशराज सरोहा, एडवोकेट गौरव शर्मा, नरेंद्र सिंहमार, तरवर भानखड़, दीपक गुलिया व संदीप आदि ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की। इस बारे में एसएसपी डॉ. अरुण सिंह ने कहा कि मामले की जांच करके उचित कार्रवाई की जाएगी। मामला डीएसपी को जांच के लिए सौंप दिया है।