धांधली के आरोपों की जांच की मांग
जींद। जिला शिक्षा अधिकारी वंदना गुप्ता को निलंबित किए जाने के फैसले का शारीरिक शिक्षक संघ और अध्यापक संघ ने स्वागत किया है। अध्यापकों ने एकत्रित होकर धांधली के कुछ मामलों की जांच की मांग उठाई। सीएम विंडो पर भी शिकायत की।
वीरवार को शारीरिक शिक्षक संघ व अध्यापक संघ से जुड़े अध्यापक डीईईओ कार्यालय के पास एकत्रित हुए। यहां जिला शिक्षा अधिकारी वंदना गुप्ता के निलंबन के फैसले का स्वागत करते हुए खुशी जताई। अध्यापकों ने डीईओ गुप्ता पर भ्रष्टाचार फैलाने के आरोप लगाए। इसके बाद सीएम विंडो पर शिकायत लगाकर धांधली के एक मामले की जांच की मांग उठाई। शिकायत में संदीप कुमार ने बताया कि जींद में 28 अक्तूबर से तीन नवंबर तक लगाए गए 17 लड़कों-लड़कियों के एथलेटिक्स प्रशिक्षण शिविर में धांधली की गई। कैंप का बजट चार लाख 60 हजार रुपये था। कैंप 36 लड़कों, 36 लड़कियों, सात स्टाफ सदस्यों का था, लेकिन 28 को कैंप लगा ही नहीं। 29 को केवल 15-16 खिलाड़ी पहुंचे। कोई ड्यूटी स्टाफ नहीं था। एक नवंबर को भी 15-16 खिलाड़ी ही थे, जिनका अभ्यास नहीं करवाया गया और सरकारी बजट का दुरुपयोग किया गया। शिकायत के बावजूद मामले की जांच नहीं हुई। कुछ स्टाफ सदस्यों ने इस साली और खेलों के लिए आई अन्य राशि में धांधली की है। अध्यापकों ने पूरे मामले की जांच की मांग की। इस मौके पर शमशेर सिंह, पीटीआई महेंद्र सिंह, सुनील, सुशील, राजेश खरब, जगदीश कुमार और संदीप आदि मौजूद रहे।