जिले में 103 केंद्रों पर होगी हरियाणा बोर्ड की परीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। वीरवार से शुरू हो रही हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की दसवीं व 12वीं की परीक्षाओं के लिए जिलाधीश डॉ. आदित्य दहिया ने परीक्षा केंद्रों की 200 मीटर की परिधि में धारा 144 लागू कर दी है। पूरे जिले में इन परीक्षाओं के लिए 103 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिला प्रशासन की तरफ से विशेष उड़नदस्ता टीमों का गठन भी किया गया है, जो इन परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेंगी।
परीक्षाओं को शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा तमाम तैयारियां पूरी कर ली हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षाओं को लेकर परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में धारा 144 लागू की गई है जो चार अप्रैल तक लागू रहेगी। इस परिधि में पांच या पांच से अधिक लोगों के जमा होने की पाबंदी रहेगी। कोई भी व्यक्ति परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी प्रकार का कोई हथियार जैसे तलवार, भाला, कुल्हाड़ी, साइकिल चेन, जेली, बरछा, फायर आर्मस व अन्य हथियार लेकर नहीं जा सकता है। परीक्षा केंद्रों की परिधि में आने वाली फोटो स्टेट की दुकानें भी बंद रहेंगी। परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, पेजर या अन्य कोई संवाद आदान-प्रदान की मशीन लेकर प्रवेश नहीं कर सकता है। इसके लिए पूरे जिले में 103 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी अजीत श्योराण ने कहा कि परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते हुए विशेष उड़नदस्ता टीमें बनाई गई हैं। इसमें डीसी, एसडीएम, नगराधीश व वे खुद शामिल हैं।