अमर उजाला ब्यूरो
जींद। शनिवार को नागरिक अस्पताल में उपचार के दौरान व्यक्ति की मौत के मामले में अब पुलिस सुखबीर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार करेगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सुखबीर की मौत का कारण व उसको पीजीआई रेफर करने व मौत का समय बताएगा कि चिकित्सक ने लापरवाही की है या नहीं। इसके आधार पर ही पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। इसके साथ-साथ नागरिक अस्पताल प्रशासन भी अपनी तरफ से अलग जांच करेगा।
बताते चलें कि रजाना कलां निवासी 35 वर्षीय सुखबीर को शुक्रवार रात 11 बजे उसके परिजनों ने पेट में दर्द होने के बाद नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया था। शनिवार सुबह सुखबीर की मौत हो गई। सुखबीर की पत्नी पिंकी ने चिकित्सकों पर लापरवाही के आरोप लगाए थे। परिजनों ने नागरिक अस्पताल में हंगामा किया था। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को उचित जांच का आश्वासन देकर शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा था। अब इस मामले में डीएसपी रामभज ने कहा कि पुलिस सुखबीर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई करेगी। यदि पुलिस जांच में चिकित्सक की लापरवाही साबित होती है तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने व उसकी गिरफ्तारी के लिए नागरिक अस्पताल से अनुमति ली जाएगी। इसी प्रकार सिविल सर्जन डॉ. संजय दहिया ने कहा कि अस्पताल की जांच कमेटी सोमवार से अपनी जांच शुरू करेगी। जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार ही चिकित्सक पर कार्रवाई होगी।