जींद। राजकीय कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल में वीरवार को दसवीं कक्षा का सोशल साइंस विषय की परीक्षा हुई। इस दौरान सीएम फ्लाइंग की टीम निरीक्षण करने पहुंचे। टीम ने दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते हुए 11 युवकों को पकड़ा। शहर थाना पुलिस ने सभी युवकों को नामजद कर इनके खिलाफ धोखाधड़ी करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। शुक्रवार को आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। अब पुलिस उन विद्यार्थियों को भी काबू करेगी, जिनके स्थान पर यह लोग परीक्षा दे रहे थे।
राजकीय कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल के एडीए राजेंद्र सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वीरवार को राजकीय कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल में दसवीं कक्षा का सोशल साइंस विषय का पेपर चल रहा था। इस दौरान सीएम फ्लाइंग की टीम ने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। जांच के दौरान टीम ने पाया कि धरौदी गांव के अमन, बहादुरपुर गांव के अन्नू, मांडो गांव के सोमबीर, डिडवाड़ा गांव के रवि, बिरोली गांव के अभिषेक, जुलानी गांव के मनजीत, नारायणगढ़ गांव के जगजीत के अलावा चार नाबालिक की फोटो रोल नंबर पर परीक्षार्थी से मेल नहीं खाती। जांच अधिकारी एसआई श्रीकृष्ण ने बताया कि पुलिस ने मामले में सभी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।
डीएड की फर्जी परीक्षा देता पकड़ा फर्जी परीक्षार्थी
डिफेंस कॉलोनी स्थित राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में केंद्र पर ड्यूटीरत कर्मचारियों ने दूसरे के स्थान पर डीएड की परीक्षा देते बिहार के मदुबनी जिला के लोकी निवासी सकल को पकड़ा है। केंद्र इंचार्ज ने इसकी सूचना सिविल लाइन थाना पुलिस को दी। जांच अधिकारी एएसआई वीरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामले में सकल देव और रामपुकार के खिलाफ धोखाधड़ी करने के आरोप में मामला दर्ज कर सकल देव को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।