हांसी रोड पर एक मकान में बिना मंजूरी के चल रही बैटरियों की फैक्टरी पर सीएम फ्लाइंग की टीम ने छापा माराकर 11 घरेल गैस सिलिंडर को बरामद किया है। आबादी के बीच बिना मंजूरी के फैक्टरी चलाने पर प्रदूषण व दमकल विभाग ने नोटिस जारी किया है। पुलिस को फैक्टरी के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज करने की शिकायत दी है।
सीएम फ्लाइंग की टीम को सूचना मिली थी कि पुराने हांसी रोड पर सुभाष नगर निवासी पवन आबादी के बीच में बैटरी बनाने की फैक्टरी चला रहा है, जिसकी वजह से आसपास के लोगों को परेशानी हो रही है। जब टीम मौके पर पहुंची तो फैक्टरी में बैटरी बनाने का काम चल रहा था। बैटरियों को बनाने में घरेलू सिलिंडर का प्रयोग किया जा रहा था। जब फैक्टरी संचालक से लाइसेंस मांगा गया तो वह नहीं दिखा सका। बाद में सीएम फ्लाइंग ने प्रदूषण बोर्ड व दमकल विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया। जहां पर नियमों का पालन नहीं करने पर दोनों ही विभागों ने नोटिस जारी कर दिया। बिना परमिशन के फैक्टरी चलाने पर शहर थाना पुलिस को शिकायत दी। सीएम फ्लाइंग के डीएसपी रविंद्र कुमार ने बताया कि फैक्टरी बिना लाइसेंस के घनी आबादी के बीच में चल रही थी। नियमों को ताक पर रखकर घरेलू सिलिंडरों का इस्तेमाल किया जा रहा था।