मंगलवार को गोहाना में होने वाली सम्मान दिवस रैली को भारी बारिश के चलते रद कर दिया है। इनेलो के जिला प्रधान कृष्ण राठी व जुलाना से विधायक परमेंद्र ढुल ने कहा कि अब यह सम्मान दिवस समारोह सात अक्तूबर को गोहाना में निर्धारित स्थान पर होगा।
सोमवार को पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में इनेेलो के जिला प्रधान कृष्ण राठी ने कहा कि प्रदेश में हो रही भारी बारिश के कारण रैली स्थल पर जलभराव हो गया है। अब सात अक्तूबर को गोहाना में सम्मान दिवस समारोह मनाया जाएगा। रैली को लेकर प्रदेश के लोगों में भारी उत्साह है। यह सम्मान दिवस समारोह प्रदेश की राजनीति में हलचल पैदा करेगा। विधायक ढुल ने कहा कि भारी बारिश ने प्रदेश सरकार की पोल खोलने का काम किया है।
सीएम ने बाढ़ को लेकर प्रदेश में सभी व्यवस्थाओं को अमलीजामा पहनाने की जो बात कही थी। उसकी एक दिन की बारिश ने ही पोल खोलने का काम किया है। विधायक ने कहा कि जींद में लगभग बाढ़ बचाव कार्य के लिए दस करोड़ रुपये खर्च करने की बात कही थी, लेकिन यह दस करोड़ रुपये कहां खर्च किए गए। इनका कोई अता पता नहीं लगा। उन्होंने कहा कि आज जींद शहर की सड़कों एक से डेढ़ फुट तक पानी भरा है। इस इस अवसर पर इनेलो जिला प्रेस प्रवक्ता कृष्ण ढांडा, डॉ. कृष्ण मिढा, नरेश गौतम, कैप्टन रणधीर चहल, सोनू गुलिया, गुरदीप सांगवान मौजूद रहे।