अमर उजाला ब्यूरो
जींद।
देश भर में शुरू हुए स्वच्छता सर्वे के तहत टीम वीरवार को जींद पहुंची। हालांकि टीम शुक्रवार से फील्ड सर्वे शुरू करेगी, लेकिन वीरवार को नगर परिषद द्वारा स्वच्छता के लिए किए गए कामों के रिकार्ड को जांचा और रिकार्ड को स्वच्छता मंत्रालय के सर्वे की वेबसाइट पर अपलोड किया। टीम के सदस्य मंधीर सैन और अनिल कुमार ने बताया कि देश भर से इसी प्रकार फोटो अपलोड किए जाएंगे और रैंकिंग का फैसला मंत्रालय द्वारा किया जाएगा।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी डॉ. एसके चौहान ने बताया कि इस दौरान टीम के सदस्यों को नगर परिषद द्वारा शहर को सुंदर बनाने के लिए किए गए कामों की पूरी जानकारी दी गई है। इसमें शहर में बने शौचालयों, पेट्रोल पंपों के शौचालयों को सार्वजनिक घोषित करवाना, लोगों में जागरूकता के लिए पम्फलेट बंटवाना, शहर में पेंटिंग करवाने का रिकार्ड शामिल है। अब शुक्रवार से सर्वे टीम शहर की गली-गली जाकर यहां सफाई की व्यवस्था देखेगी। यहां की स्थिति के साथ-साथ लोगों के विचार और यहां हो रही सफाई का फील्ड बैक भी भेजा जाएगा। इसके आधार पर ही शहर की सफाई की रैंकिंग तय होगी।