15जेएनडी43: जुलाना से विधायक विनेश फोगाट धन्यवादी दौरे के दौरान ग्रामीणों को संबोधित करते हुए।
जींद। जुलाना विधानसभा क्षेत्र से विधायक विनेश फोगाट ने शनिवार को विधानसभा के गांवों में धन्यवादी दौरा किया। विधायक ने गोसाईं खेड़ा, गतौली, जैजैवंती, गढ़वाली, करेला गांवों के दौरे किए। उन्होंने गांवों में लोगों से मिलकर समस्याएं सुनी और समाधान करवाने का आश्वासन दिया।
गतौली गांव में विनेश फोगाट ने कहा कि वह चाहती है कि जुलाना क्षेत्र में आईएमटी स्थापित करवाई जाए। इसके लिए 1000 एकड़ जमीन की जरूरत है। वह इसकी आवाज विधानसभा सत्र में भी उठाएंगी।
विनेश फोगाट ने कहा कि हलके की जनता ने उसे वोट दिए, इसलिए उसका भी फर्ज बनता है कि जनता के लिए कुछ करे। यहां के लोगों को रोजगार की सबसे ज्यादा जरूरत है। अगर क्षेत्र में आईएमटी बन जाए तो रोजगार की तलाश के लिए दूसरे शहरों या फिर दिल्ली और गुरुग्राम की तरफ रुख नहीं करना पड़ेगा। आईएमटी की जमीन का किसानों को अच्छा भाव भी दिलवाया जाएगा। एक साल के अंदर यह जमीन उपलब्ध हो जाती है तो वह विधानसभा सत्र में आवाज उठाकर इसे मंजूर करवाने का काम करेंगी। गतौली गांव में विधायक के सामने ग्रामीणों ने पेयजल और गंदे पानी की निकासी की समस्या रखी और खेल स्टेडियम बनवाने की मांग की। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी बदले जाने के सवाल पर विनेश फोगाट ने चुप्पी साध ली और इसका कोई जवाब नहीं दिया।