दुर्घटनास्थल पर कार्रवाई करती पुलिस।
- फोटो : Bahadurgarh
बादली। बहादुरगढ़ रोड बाइपास पर सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। युवक की पहचान गांव मातन के मोहित दलाल पुत्र राजेश के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को दिल्ली के जाफरपुर अस्पताल में रखवा दिया है जहां वीरवार को शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे।
मोहित दलाल (21) अपनी मोटरसाइकिल से गुरुग्राम की ओर जा रहा था तो बाइपास मोड़ पर सामने से आ रहे एक ट्रक की टक्कर लगी। टक्कर लगने से मोहित को गंभीर चोटें आई। राहगीरों ने मोहित को गंभीर हालत में ट्रक के नीचे से निकाला और एंबुलेंस की मदद से दिल्ली के राव तुलाराम अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके पर ट्रक छोड़कर भाग गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। बताया गया है कि मोहित गुरुग्राम स्थित एक निजी कंपनी में काम करता था और बुधवार की सुबह गुरुग्राम के लिए अपनी मोटरसाइकिल से निकला था। बादली बाइपास पर हुई सड़क दुर्घटना में मौत का ग्रास बन गया। पुलिस जांच अधिकारी हरीश कुमार का कहना है कि दुर्घटना के तुरंत बाद मोहित को अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया है। पहचान होने पर परिजनों को दुर्घटना से अवगत करा दिया गया है जबकि ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे है। वीरवार को शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंपा जाएगा। मोहित का विवाह करीब डेढ़ साल पहले हुआ था।