ढीले तारों को दिखाते लुकसर के ग्रामीण।
- फोटो : Bahadurgarh
बिजली के तारों की चपेट में आने से लुकसर गांव में एक युवक की जान चली गई। युवक गांव की व्यायामशाला में खेलने के लिए गया था लेकिन रास्ते में वह हाईटेंशन तारों की चपेट में आ गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। ग्रामीणों ने घटना के लिए बिजली निगम की लापरवाही को जिम्मेवार ठहराते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार लोकेश पुत्र ब्रह्मप्रकाश निवासी लुकसर बुधवार की शाम गांव की व्यायामशाला में घूमने के लिए गया था। रास्ते में बिजली के खंभों से लटक रहे तारों की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि तारों की ऊंचाई मात्र 8 फुट थी। 17 वर्षीय लोकेश के हाथ में भीगी हुई लकड़ी थी और वह ऊपर बिजली के तारों को छू गई। इस दौरान लकड़ी में करंट आ गया। करंट लोकेश को भी लगा, जिससे वह देखते ही देखते ही जमीन पर गिर गया। आसपास के लोगों ने लोकेश को संभाला और परिजनों को भी घटना की जानकारी दी। लोकेश को बेहोशी की हालत में दिल्ली में जाफरपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी जितेन्द्र कुमार ने बताया कि हादसा मानते हुए कार्रवाई शुरू करने के बाद शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया है।
ग्रामीणों में रोष
व्यायामशाला के प्रमुख रास्ते में लटक रहे हाईटेंशन तारों से ग्रामीणों में भी बिजली निगम के प्रति रोष बना है। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बाद भी तारों को ठीक नहीं किया जा रहा है। जबकि कई बार हादसे हो चुके हैं। इस बार तो एक युवक की जान ही चली गई है। सरपंच रामबीर, कृष्ण, काला, महेंद्र, अनिल, सोमबीर, जयसिंह और प्रवीन कुमार अन्य ग्रामीणों ने निगम अधिकारियों से तारों को बदलने की मांग की है।