बहादुरगढ़। सेक्टर-13 क्षेत्र में एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता कुबेर एन्कलेव निवासी मंदीप ने बताया कि वह सेल्फ ड्राइविंग गाड़ियों का काम करता है। उसने 15 मार्च को अपनी कार देवी कालोनी निवासी वैभव उर्फ विशु को किराये पर दी थी, जिसने वाहन क्षतिग्रस्त कर लौटाया और नुकसान भरने से इंकार कर दिया। विरोध करने पर उसे फोन पर धमकियां दी गईं।
पीड़ित के अनुसार 26 मार्च को आरोपियों ने झज्जर रोड पर उसकी एक अन्य गाड़ी रुकवाकर चालक को धमकाया। इसके बाद 27 मार्च को सेक्टर-9 से लौटते समय सेक्टर-13 में आरोपियों ने स्कॉर्पियो गाड़ी से उसकी कार को टक्कर मार दी। आरोप है कि कार से उतरे युवकों ने तलवार व डंडों से हमला कर दिया। उसके साथ जमकर मारपीट की गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर उसे छुड़वाया। जाते समय आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने इस संबंध में एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।