फोटो नंबर 72: पहलवान वंश गुलिया का स्वागत करते लोग। (स्रोत स्वयं)
बादली। चंडीगढ के मोहाली में आयोजित ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी कुश्ती चैंपियनशिप में 97 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले 19 वर्षीय युवा पहलवान वंश गुलिया का स्वागत किया गया। लाडपुर गांव निवासी वंश गुलिया अंतरराष्ट्रीय पहलवान बंसी पहलवान के बेटे हैं।
वंश ने 5 से 9 जनवरी तक आयोजित प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल आठ मुकाबले जीतकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। पिता और अखाड़ा संचालक बंसी पहलवान ने बताया कि फाइनल मुकाबले में वंश ने महाराष्ट्र के पहलवान को 10–0 के एकतरफा स्कोर से पराजित कर ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया।
क्वार्टर फाइनल में अंडर-23 वर्ल्ड चैंपियन पहलवान विशाल को कड़े मुकाबले में हराकर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। सेमीफाइनल में राजस्थान यूनिवर्सिटी जयपुर के पहलवान को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया और स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र का नाम ऊंचा किया।
स्वागत समारोह में गुरुग्राम के भाजपा विधायक पहलवान मुकेश शर्मा, लोवा-17 के प्रधान चौधरी अशोक मान, अंतरराष्ट्रीय पहलवान मुकुल पहलवान, लीलू पहलवान, हनुमान पहलवान सहित राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के पहलवान, कोच व खलीफा उपस्थित रहे।