बहादुरगढ़। क्षेत्र की एक एक फैक्टरी में कामगार की कलाई मशीन में काम करते समय कट गई। आरोप है कि इलाज कराने का जिम्मा उठाने की बात कहकर फैक्टरी प्रबंधन मुकर गया। शिकायत देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। अब शिकायत पर आसौदा थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। घायल का इलाज उत्तर प्रदेश के झांसी के निजी अस्पताल में हुआ। घटना 9 अपै्रल 2023 की है।
पुलिस को दी शिकायत में घायल के पिता प्रताप सिंह निवासी फतेहपुर, महोबा उत्तर प्रदेश ने बताया है कि उसका 20 वर्षीय पुत्र आलोक बहादुरगढ़ के एक गांव स्थित फैक्टरी में काम करता है। 9 अपै्रल 2023 को आलोक फैक्टरी में जिस मशीन पर काम कर रहा था वह कई दिनों से खराब थी। वह ठीक से काम नहीं कर रही थी। इस बारे में आलोक द्वारा फैक्टरी के मैनेजर व मालिक को बताया था, लेकिन फैक्ट्री मालिक व मैनेजर द्वारा खराब मशीन पर काम करने का दबाव मेरे पुत्र आलोक पर लगातार बनाया गया। जिसके परिणाम स्वरूप फैक्ट्री में मशीन पर काम के दौरान आलोक का बाया हाथ कलाई से कटकर अलग हो गया। कुछ दिनों तक इलाज का खर्च दिए जाने के बाद मना कर दिया गया। आरोप है कि फैक्टरी मालिक की ओर से उन्हें कहा गया कि आप किसी को शिकायत न करें, इससे मेरी फैक्टरी का नाम खराब होगा। आलोक के इलाज में जितना भी खर्चा आएगा उसे वे वहन करेंगे। मगर कुछ समय बाद उन्होंने ऐसा करने से मना कर दिया। उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। आसौदा थाना पुलिस ने घटना को लेकर केस दर्ज कर लिया है।