बहादुरगढ़ (ब्यूरो)। माडर्न इंडस्ट्रियल एरिया (एमआइई) स्थित एक फैक्टरी में बुधवार सुबह हादसे में एक श्रमिक बुरी तरह से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया।
एमआइई पार्टी-बी स्थित हीटर बनाने वाली एक फैक्टरी में बुधवार को बड़ा दरवाजा (गेट) लगाने का काम चल रहा था। फैक्टरी में कार्यरत कृष्णा उर्फ छुट्टन इस दौरान गेट के पास खड़ा था। किन्हीं कारणों से अचानक गेट गिर गया और छुट्टन उसकी चपेट में आ गया। गंभीर रूप से घायल छुट्टन को बड़ी मशक्कतों के बाद गेट के नीचे से निकाला गया। लहूलुहान अवस्था में उसे एक निजी अस्पताल में लाया गया। मगर यहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही एमआइई चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर ट्रॉमा सेंटर के शव गृह में रखवा दिया। मामले के जांच अधिकारी हैड कांस्टेबल दीपक ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है। बिहार से उसका भाई संतोष आ रहा है। उसके आने के बाद ही पोस्टमार्टम कराया जाएगा। परिजनों के बयान पर ही आगे की कार्यवाही की जाएगी। फिलहाल बॉडी को शवगृह में रखवाया गया है। मूलत: बिहार का निवासी कृष्णा उर्फ छुट्टन (21) अविवाहित था। पिछले कुछ समय से बहादुरगढ़ के गांव परनाला में रह रहा था। यहां फैक्टरी में काम करता था।